डीएम ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 447 निगरानी समितियों को किया सक्रिय

गाजियाबाद। जनपद में कोरोना वायरस का प्रकोप पुन: बढ़ रहा है। इससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। कोरोना से निपटने को निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी समितियों को सक्रिय किया गया है। नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में इन समितियों को दोबारा से सक्रिय करना पड़ा है। कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके चलते जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के मुताबिक कोरोना काल के दरम्यान पूर्व में कुल 447 निगरानी समितियां गठित की गई थीं। नगर निगम सीमांतर्गत 100, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्र में 186 तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र में 161 निगरानी समितियां हैं। जिन्हें एक बार फिर सक्रिय किया गया है। यह समिति शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने का काम करेंगी। कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इन समितियों को प्रत्येक नागरिक पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी नागरिक में कोरोना के लक्षण प्रतीत होते हैं तो इसकी सूचना सीएमओ को दी जाएगी। संबंधित व्यक्ति को नजदीकी क्वारंटाइन में भेजने की व्यवस्था की जाएगी। ग्रामीणों को सभी राजकीय सुविधाओं एवं राहत योजनाओं का लाभ मिलना भी यह समितियां सुनिश्चित करेंगी।