-अमन चैन के साथ मनाएं मोहर्रम का त्यौहार: डीएम
गाजियाबाद। मोहर्रम त्यौहार को लेकर शहर में शांति, सुरक्षा व कानून व्यवस्था के दृष्टिगत जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनीराज जी. ने एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, सीओ प्रथम अंशु जैन, थाना प्रभारी अमित खारी के साथ घंटाघर, चौपला मार्किट, नवयुग मार्किट, अम्बेडकर रोड़ समेत विभिन्न जगहों पर पुलिस बल के साथ शनिवार रात को शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से अमन कायम रखने की अपील की। डीएम व एसएसपी ने मोहर्रम जुलूस रुट पर शान्ति, सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने व आम जनमानस में विश्वास एवं सुरक्षा का वातावरण बनाने के उद्देश्य से पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल मार्च किया।

आसपास खड़े संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु, वाहन, किशोरों व युवाओं की चेकिंग व पूछताछ की गई। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण करते हुए वहां मौजूद स्थानीय लोगों, दुकानदारों, धर्मगुरुओं, मस्जिदों के ईमाम व मौलाना से मुलाकात कर वार्ता की। डीएम व एसएसपी ने कहा गाजियाबाद शहर की गंगा जमुनी तहजीब लोगों के लिए मिसाल बनी है। इसे हमेशा बनाकर रखें। पूरे शांति के साथ त्योहार बनाएं और कोई भी नई परंपरा बिल्कुल भी शुरू न करें। किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आती है तो इसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दी जाए।

उधर मुरादनगर और मोदीनगर क्षेत्र में एसपी ग्रामीण डॉ ईरज राजा ने सीओ मोदीनगर, सीओ सदर एवं थाना प्रभारियों के साथ मोहर्रम त्योहार को शांति व सौहार्दपूर्वक मनाए जाने को लेकर फ्लैग मार्च किया। एसपी ग्रामीण ने लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की। मौके पर एसपी ग्रामीण डॉ ईरज राजा ने कहा कि मोहर्रम पर्व त्याग व बलिदान का पर्व है, ऐसे में चाहिए की पूरे क्षेत्र के लोग शांति व्यवस्था कायम रखते हुए शांति और सौहार्द के साथ मोहर्रम का पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान अशांति फैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जायेगा। उन्होंने शरारती तत्वों को चेताते हुए कहा कि शरारती तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर है। अमन चैन में खलल डालने वालों की खैर नहीं। उन्होंने लोगों से अपील की वह शरारती तत्वों को चिन्हित करने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें ताकि समय रहते उन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
















