प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का डीएम ने किया निरीक्षण

-विलेज वैक्सीनेशन मार्च, वैक्सीन के रोजाना लगाने होंगे 300 टीके

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जनपद में संचालित कोविड वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शनिवार को समीक्षा की। समीक्षा बैठक में फीडबैक लेने के बाद वह जमीनी हकीकत जानने के लिए फील्ड में उतरे। डीएम सीधे निवाड़ी स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां कोविड वैक्सीनेशन के कार्य को देखा गया। यह कार्य सुचारू रूप से चलता पाया गया। इसके उपरांत डीएम ने मुरादनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड वैक्सीनेशन की धीमी गति पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। साथ स्वास्थ्य विभाग और सभी एसडीएम को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार से विलेज वैक्सीनेशन मार्च चलाया जाएगा। गांवों में वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने को यह मार्च चलेगा। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कोरोना वैक्सीनेशन के टीका करण बढ़ाने के लिए सोमवार से विलेज मार्च शुरू करने के निर्देश दिए है। वहीं, लेखपालों का रोजाना 300 कोविड टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिले में 15 दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में हर केंद्र पर 300 टीका लगाने लक्ष्य रोजाना होगा। 300 टीकों का लक्ष्य पूरा करने वाले लेखपालों को सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में टीकाकरण बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार से विलेज वैक्सीनेशन मार्च (वीवीएम) चलाया जाएगा। इसके तहत जिले की तीनों तहसीलों क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन 300 लोगों को टीका लगाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वह इस कार्य में अपनी तहसील के एक-एक लेखपाल को प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर तैनात करें। टीकाकरण केंद्र पर तैनात लेखपाल को प्रतिदिन 300 लोगों को कोविड वैक्सीनेशन लगवाने का लक्ष्य दिया गया हैं। जो लेखपाल अपने लक्ष्य को पूरा करने में सफल होगा। जिला प्रशासन उसे सम्मानित करेगा। इसकी सेवा पुस्तिका में भी विशिष्ट प्रविष्टि के रूप से अंकित किया जाएगा। विलेज वैक्सीनेशन मार्च (वीवीएम) कार्यक्रम में राजस्व विभाग, स्वास्थ्य, एएनएम, ग्राम प्रधान, खंड विकास अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। सोमवार से यह कार्यक्रम 15 दिनों तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तहसील मोदीनगर के लिए एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य,लोनी तहसील में एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजपेयी, तहसील सदर के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव को प्रभारी गया बनाया हंै, इनकी देखरेख में तैयारी कराएंगे। टीकाकरण केंद्रों पर लाभार्थियों की संख्या अब बढ़ी है। शनिवार को महाराजपुर में 475, खोड़ा में 324, दुहाई-डासना में 91, अटौर-डासना में 53, भोवापुर-डासना में 64, ग्यासपुर मुरादनगर में 92, निवाड़ी-मुरादनगर में 76, चिरौड़ी-लोनी में 99, फर्रूखनगर-लोनी में 57, मण्डोला-लोनी में 72, त्यौडी-भोजपुर में 01, फरीदनगर भोजपुर में 68 एवं जवाहरनगर में 76 लोगों ने टीका लगवाया।