कोविड-19 के नियमों की न करें अनदेखी, वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित: एसपी सिंह

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री के प्रयास से देश में कोरोना को मात देने वाली वैक्सीन का निर्माण संभव हुआ है। यह बातें सोमवार को मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन (अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय-भारत सरकार) के सदस्य सरदार एसपी सिंह ने नेहरू नगर यशोदा अस्पताल में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाते हुए कहीं। उन्होने कहा स्वयं प्रधानमंत्री ने भी वैक्सीन लेकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि लोगों को इसके लिए आगे आना चाहिए। इसमें किसी तरह का कोई डर नहीं है। कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं, लेकिन इस पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। सरदार एसपी सिंह ने कहा वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। अभी तक इसका किसी पर कोई गलत असर नहीं दिखा है। उन्होने कोरोना वायरस के मामले फिर से बढऩे के मद्देनजर सावधानी की जरूरत पर बल दिया और लोगों से होली के दौरान एहतियात बरतने की अपील की। श्री सिंह ने कहा पिछले साल कोरोना चरम पर था तो लॉक डाउन में पुलिस ने जगह जगह बैरियर लगा दिए थे। तब घर मे भी रह कर लोग कोविड के नियम का पालन करने लगे थे। अब जबकि कोरोना संक्रमण फिर बढऩे लगा है तो उससे बचाओ के लिये पुलिस के बैरियर का इंतजार न करें। मुख्य मास्क, सैनिटाइजेशन और आपस मे दूरी बनाए रखने के नियम ही आपको कोरोना से सुरक्षित रख सकते हैं।