ड्राइंग रूम की खिड़की उखाड़कर घर में घुसे चोरों ने छह लाख का माल किया चोरी
गाजियाबाद। भांजी की शादी में परिवार समेत जयपुर गए डेंटिस्ट के घर चोरों ने धावा बोलकर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोर ड्राइंग रूम की खिड़की उखाड़ कर 6 लाख रुपए का माल उड़ा ले गए। चोरी का पता पीडि़त परिवार को घर वापस लौटने पर चला। पीडि़त ने घटना की शिकायत कविनगर थाने में दी, पुलिस मामले की जांच कर रही है। कविनगर निवासी डॉ. कमल अग्रवाल डेंटिस्ट है। उन्होंने घर में ही अपना क्लीनिक खोल रखा है, जबकि उनकी पत्नी अलका अग्रवाल संतोष अस्पताल में कोविड-19 एल तृतीय की सुपरीटेंडेंट है। डॉ. कमल अग्रवाल ने बताया कि वह परिवार के साथ 24 नवंबर की सुबह भांजी की शादी में परिवार समेत जयपुर गए थे। उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम करीब पांच बजे वह घर लौटे तो देखा कि मकान के बाहरी हिस्से के ड्राइवर रूम की खिड़की उखड़ी हुई है और सामान बिखरा हुआ है। छानबीन में पता चला कि चोर दो लाख रुपए के जेवरात और चार लाख की नकदी चुरा ले गए। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और चोरों का पता लगाया जा रहा है। डॉ. कमल अग्रवाल ने बताया कि उनकी बेटी की 5 दिसंबर को सगाई है, जबकि 7 दिसंबर को शादी है। बारात लोहिया नगर से आनी है। उन्होंने बताया कि जेवरात बेटी के लिए बनवाए थे, जबकि नकदी शादी में खर्च के लिए थी। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी में रिश्तेदारों की मिलाई के लिए नगदी के लिफाफे बनाए गए थे। जिन्हें भी चोर ले गए। कविनगर थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि पीडि़त परिवार की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
















