महागुनपुरम सोसायटी में पानी पीने से 40 बच्चों की बिगड़ी हालत, हड़कंप

गाजियाबाद। जिले की एक सोसायटी में पानी पीने से 40 बीमार होने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद से सोसायटी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कुछ बच्चों को कोलंबिया अस्पताल और कुछ को अन्य अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। शनिवार को एनएच-24 स्थित महागुनपुरम सोसायटी में गंदा पानी पीने से करीब चालीस बच्चे बीमार हो गए हैं। बच्चों के पेट में दर्द, उल्टी और सिर में दर्द की सबसे अधिक शिकायत सामने आई। सोसायटी में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। सोसायटी के तीन टावरों के बच्चे बीमार हुए हैं। इनमें गायत्री,विनायक और सिद्धि टावर शामिल हैं। अधिक संख्या में बच्चों के बीमार होने के बाद सोसायटी में लाउडस्पीकर से घोषणा कराई कि पीने का पानी उबालकर ही पीएं। इससे पूरी कालोनी में हड़कंप मच गया। लोग टावरों से बाहर निकल आए एओए के पदाधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी। आनन-फानन में टीम न सोसायटी में पहुंचकर स्वास्थ्य की जांच शुरू कर दी है। कोरोना जांच का शिविर भी लगा दिया गया है। प्रशासन,पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि चार दिन पहले ही सोसायटी में पानी की टंकी की सफाई कराई गई थी। अधिकांश लोगों के घरों में आरओ लगा हुआ है। फिर भी पानी पीने से बच्चों की सेहत खराब होने के प्रकरण की गंभीरता से जांच शुरू हो गई है। जिला मलेरिया अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक टीम ने जांच शुरू कर दी है। पानी की अलग से जांच के लिए सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं।