गाजियाबाद। अब लोगों को कोरोना रोधी टीका लगवाने के लिए धूप या गर्मी नहीं झेलनी पड़ेगी। जिला प्रशासन की ओर से ड्राइव-थ्रू वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जिले में बुधवार से ड्राइव थ्रू वैक्सीन की शुरूआत हो गई। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के निर्देश पर वैक्सीनेेशन की शुरूआत होने से अब कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए लोगों को कुछ राहत मिल सकेगी। बुधवार को अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम खालिद अंजुम के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने मोहननगर स्थित वर्ल्ड स्क्वॉयर मॉल में ड्राइव थ्रू वैक्सीनेनशन किया। अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम ने बताया कि ड्राइव थ्रू वैक्सीन के लिए मॉल में की गई शुरूआत के पहले दिन करीब 30 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
कार में बैठे बुजुर्गों से लेकर अन्य को वैक्सीन लगाई गई। ड्राइव थू्र वैक्सीन अब रोजाना इसी प्रकार ही अन्य स्थानों पर भी लगाई जाएगी। बता दें कि जिले में अब तक 18 वर्ष से 44 वर्ष की आयु वर्ग के करीब 13 हजार युवाओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जबकि इससे ऊपर के बुजुर्गों को 4 लाख से ज्यादा को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पहले के सापेक्ष अब ज्यादा संख्या में लोग टीका लगवा रहे है। अपर नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि वे लोग जिन्होंने कोरोना वैक्सीन की पहले डोज लगवा ली है और दूसरी डोज लगाने के लिए अस्पतालों में जाने से घबरा रहे हैं या किसी अन्य कारण से दूसरी डोज नहीं लगवा पाए हैं, तो वे भी अपनी गाड़ी में ही बैठकर टीका लगवा सकते हैं। इससे उन्हें संक्रमण का डर नहीं रहेगा। साथ ही धूप व गर्मी से राहत भी मिलेगी। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चलते अब जिले में ड्राइव थ्रू वैक्सीन की शुरूआत होने से सभी वर्ग के लोगों को राहत मिल सकेगी।
















