-शराब की दुकानों पर उमडी भीड, उड़ी सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां
गाजियाबाद। जो सारी दुनिया की मेडिकल रिसर्च टीमें नहीं कर पाई, वो शायद एक बार फिर प्रदेश में होने वाला है। क्योंकि 4 मई के बाद 11 मई इतिहास में लिखा जाने वाला दिन है। क्योंकि वायरस की डिटेल में पहुंचकर इसे जड़ से खत्म करने का ऐतहिासिक ‘क्लनिकिल ट्रायलÓ फिर से शुरू हो चुका है। जी हां, हमारी सरकार ने कई शहरों में शराब के ठेकों को खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। अब कोरोना से जुड़े हर सवाल का जवाब आपके अपने नजदीकी ठेके या अहाते में मिल जाएगा। सुनने में थोड़ा अजीब लगेगा, लेकिन क्या आपको नहीं लगता कि जिन मयखानों में बैठकर कई शायरों ने बड़े-बड़े दीवान रच डाले। शायरी के मोटे-मोटे दस्तावेज लिख डाले, क्या वहां बैठकर कोरोना का वैक्सीन ईजाद नहीं हो सकता। वे अब न सिर्फ कोरोना का वैक्सीन बनाएंगे, बल्कि अब तक गिर रही देश की अर्थव्यवस्था को संभालने का भी काम करेंगे।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते जारी लॉकडाउन और नाईट कफ्र्यू के बीच मंगलवार की सुबह 10 बजे जिले में शराब की 11 दिन बाद खुली दुकानों पर पियक्कड़ों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोशल डिस्टेंसिंग की खूब धज्जियां उड़ी। हालांकि लॉकडाउन और सख्ती के बीच खुली शराब की दुकानों के आसपास गोल घेरे खड़े होने के लिए बनाए गए थे। मगर इसकी परवाह किए बगैर ही शराब खरीदने वालों की भीड़ जुट गई। प्रदेश सरकार ने मंगलवार से रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक शराब,बीयर,मॉडल शॉप को खोले जाने के आदेश जारी कर दिए। जिले में मंगलवार की सुबह से ही शराब की दुकानें खुली। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जहां पूरे प्रदेश में लॉकडाउन लागू है,वहीं जिले में मंगलवार की सुबह से ही शराब की दुकानें खोले के बाद बीयर,अंग्रेजी,देशी शराब की दुकानें खोल दी गई। दुकानों के बाहर 6 फीट की दूरी पर गोला बनाया गया था।
ताकि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। मगर दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की खूब धज्जियां उड़ी। वहीं, सभी दुकानों पर कैंटीन को बंद रखा गया है। कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का पालन कराने के लिए शराब दुकानदारों को निर्देश दिए गए है। प्रभारी जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने निर्देश जारी किए है। इसके तहत सुबह 10 से शाम 7 बजे तक शराब की दुकानें खुलेंगी। वहीं, निर्धारित समय के बाद दुकान खोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले में 1 मई से शराब की दुकानें लॉकडाउन के चलते बंद थी। मंगलवार को 11 दिन बाद शराब की दुकान खुलने से दुकानों पर शराब खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान दुकानों पर शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया गया। बता दें कि पिछले दिनों शराब विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शराब की दुकानें खोलने की मांग की थी। शराब कारोबारियों ने लॉकडाउन के दौरान शराब की दुकानें खोले जाने के लिए सीएम योगी को पत्र लिखा था। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश शासन के आदेश पर जिले में अंग्रेजी,देशी शराब की सभी 554 दुकानों को खोला गया है। कैंटीन बंद रखने के निर्देश दिए गए है। शराब की दुकानों को खोलने का समय भी सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक का निर्धारित किया गया है। इसके बाद दुकानें खोली गई तो संबंधित शराब विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बता दे कि कोरोना भयावह रूप धारण किए हुए है। हर रोज से तीन सौ लोग मौत का शिकार हो रहे है। प्रशासन के तमाम दावों के बीच पीडितों को एक अदद बेड तथा आक्सीजन उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
















