अमृत महोत्सव कार्यक्रम में स्वच्छता पर जोर

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में गुरुवार को आजादी अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दरम्यान मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने स्वच्छता का संदेश दिया। शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए योगदान देने पर सफाई मित्र, स्वस्थ मौहल्ले, स्वस्थ आरडब्लूए, स्वस्थ ग्रही, टीम हंड्रेड, वॉलिंटियर्स व अन्य को सम्मानित किया गया। मेयर एवं नगरायुक्त ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में शहर में कूड़ा पृथक्करण, हरा-भरा शहर के लिए नागरिकों को जागरूक किया गया। टीम हंड्रेड वॉलिंटियर्स को गाजियाबाद नगर निगम द्वारा टी शर्ट व कैप भी वितरित की गई। जिन्हें पहन कर वह प्रत्येक जोन में नागरिकों को शहर को हरा-भरा बनाने के लिए जागरूक करेंगे और स्वच्छता में योगदान देंगे। कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने शहर को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में गोबर से तैयार वस्तुएं, सीएंड डी वेस्ट से बनी वस्तुएं, वेस्ट प्लास्टिक से तैयार वस्तु की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव के अलावा सभी जोनल प्रभारी, एसएफआई, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।