नगर निगम में कर्मचारी संघ चुनाव की सरगर्मी शुरू, 2 सितम्बर को अहम बैठक

गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी का कार्यकाल अगले माह 20 सितम्बर को पूर्ण हो जाएगा। ऐसे में नई कार्यकारिणी का चुनाव कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। ऐसे में कर्मचारियों में भी यह मामला चर्चाओं के केंद्र में आ गया है। अध्यक्ष एवं महामंत्री के अलावा विभिन्न पदों पर चुनाव कराया जाना है। नगर निगम में कर्मचारी संघ के चुनाव महत्वपूर्ण होते हैं। इसके लिए कर्मचारी नेता कई दिन पहले से तैयारियां शुरू कर देते हैं। इसके मद्देनजर 2 सितम्बर को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में आगामी चुनाव प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

नगर निगम कर्मचारी संघ की मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल 20 सितम्बर को समाप्त हो रहा है। इसके पहले नई कार्यकारिणी का चुनाव कराया जाना है। कोरोना काल में करीब डेढ़ वर्ष पहले संगठन के महामंत्री हिमांशु शर्मा का भी निधन हो गया था। इसके बाद नितिन भारद्वाज को महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मौजूदा महामंत्री नितिन भारद्वाज ने बताया कि कर्मचारी संघ के चुनाव के लिए आम सभा की बैठक 2 सितम्बर को दोपहर 3 बजे नगर निगम कार्यालय के प्रांगण में आयोजित की जाएगी। बैठक का मकसद नई कार्यकारिणी की चुनावी प्रक्रिया को समय से पूर्ण कराना है।

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नैन सिंह चौधरी के नेतृत्व में पिछले 3 साल से संगठन कर्मचारियों के हित में काम कर रहा है। ऐसे में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं का निदान भी कराया गया है। नैन सिंह चौधरी का कहना है कि आगे भी यह मुहिम जारी रहेगी। उधर, नगर निगम में कर्मचारी संघ के चुनाव की सुगबुहाहट शुरू होने से कर्मचारी भी इस मुद्दे पर चर्चा करने लगे हैं। कर्मचारी संघ के नए स्वरूप को लेकर विचार-विमर्श शुरू हो गया है। निकट भविष्य में नगर निगम में चुनावी सरगर्मी बढ़ना तय है। कर्मचारियों ने अभी से नए अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा आरंभ कर दी है।