गाजियाबाद। नगर निगम में काम-काज को सुचारू रखने के लिए नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने अह्म कदम उठाया है। इसके तहत 5 इंजीनियरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। बदलाव के क्रम में सहायक अभियंता (सिविल) श्याम सिंह की बल्ले-बल्ले हो गई है। जबकि सहायक अभियंता से अधिशासी अभियंता पद पर प्रोन्नत अनिल त्यागी को नया चार्ज मिला है।
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की कार्यशैली सबसे जुदा है। वह महत्वपूर्ण निर्णय लेने में देरी नहीं करते हैं। विभागीय काम-काज प्रभावित न हो, इसका वह भरपूर ख्याल रखते हैं। इसी क्रम में नगरायुक्त ने 5 इंजीनियरों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है। अब तक अधिशासी अभियंता (सिविल) देशराज नगर निगम के सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन एवं वसुंधरा जोन का कार्य संपादित कर रहे थे। कुछ दिन पहले उप्र शासन ने सहायक अभियंता (सिविल) अनिल त्यागी का प्रमोशन कर दिया था। वह सहायक अभियंता से अधिशासी अभियंता बनाए गए हैं। इसके मद्देनजर नगरायुक्त तंवर ने अधिशासी अभियंता देशराज और अनिल त्यागी के कार्यों का बंटवारा कर दिया है। अधिशासी अभियंता देशराज को सिटी और विजय नगर तथा अनिल त्यागी को मोहन नगर, वसुंधरा और कविनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अतिरिक्त सहायक अभियंता ईश्वर चंद्र सिंह यादव 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो गए थे। ऐसे में नगर निगम में अब सिर्फ 3 सहायक अभियंता (सिविल) रह गए हैं। इनके कार्यों का भी विभाजन किया गया है। सहायक अभियंता श्याम सिंह को कविनगर, वसुंधरा व विजय नगर, देवी सिंह को सिटी और एस.आर. रॉरूल को मोहन जोन का दायित्व सौंपा गया है। कार्यक्षेत्र में बदलाव के क्रम में सबसे ज्यादा फायदा श्याम सिंह को हुआ है। उन्हें एक साथ 3 जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके पहले वह कविनगर और आंशिक वसुंधरा जोन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
















