मनमाने गृहकर बिल से उद्यमी हुए परेशान

आईआईए की क्षेत्रीय बैठक में उद्यमियों ने रखी समस्याएं

गाजियाबाद। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) गाजियाबाद चैप्टर की स्वदेशी कंपाउंड कविनगर औद्योगिक क्षेत्र में क्षेत्रीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में इस क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई तथा अग्रिम कार्रवाई हेतु आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वप्रथम आईआईए गाजियाबाद चैप्टर के सचिव राकेश अनेजा द्वारा स्वागत किया गया। तदुपरांत चेयरमैनए मनोज कुमार एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज सिंघल द्वारा आईआईए एवं उसकी कार्यप्रणाली तथा सेवाओं के बारे में अवगत कराया गया। इसी क्रम में स्वदेशी कंपाउंड की विभिन्न समस्याओं सड़क निर्माण, पानी की निकासी व पीने के पानी, पथ प्रकाश, विद्युत तारें नीचे एवं इकाईयों से सटे होने के बारे में अवगत कराया। उद्यमियों ने अवगत कराया कि उन्होंने यूपीसीडा को विकास चार्ज देय कर दिया है। उसके उपरांत भी उक्त क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। यूपीसीडा से विकास कार्यों के बारे में कई बार अनुरोध किया जा चुका है, जिसमें यूपीसीडा द्वारा अवगत कराया गया है कि उक्त क्षेत्र नगर निगम को हस्तांतरित है। अत: विकास कार्य नगर निगम द्वारा किया जाएगा। नगर निगम का कहना है कि यह क्षेत्र हमें हस्तांतरित नहीं है। इसके अलावा नगर निगम द्वारा उक्त क्षेत्र की सभी औद्योगिक इकाईयों को 7 वर्ष पुराने गृहकर के नोटिस अप्रत्याशित वृद्धि के साथ भेजे जा रहे हैं। इन समस्याओं के कारण उद्यमी काफी परेशान हैं। क्षेत्रीय उद्यमियों ने आईआईए के स्तर से उक्त प्रकरणों पर प्रशासन एवं शासन द्वारा समाधान कराए जाने का अनुरोध किया है। आईआईए पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि उपरोक्त समस्याओं को आईआईए के स्तर से प्रशासन व शासन के समक्ष प्रस्तुत कर समाधान कराया जायेगा। इसके अलावा जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक में उक्त समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष भी प्रस्तुत किया जाएगाए ताकि उक्त पर आवश्यक कार्यवाही हो सके। कोषाध्यक्ष संजय गर्ग ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। बैठक में नीरज सिंघल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, एस.के. शर्मा चेयरमैन भूजल सब्जेक्ट कमेटी, राजीव गोयल चेयरमैन आरटीआई सब्जेक्ट कमेटी, अमित नगालिया स्पेशल इन्वायटी, प्रदीप गुप्ता जोनल चेयरमैन, मनोज कुमार चैप्टर चेयरमैन, राकेश अनेजा सचिव, संजय गर्ग कोषाध्यक्ष, साकेत अग्रवाल व यश जुनेजा उपाध्यक्ष, संदीप गुप्ता सं. सचिव, वी.के. सिंघल, देवेंद्र कुमार, पंकज गोयल, वीरेंद्र अग्रवाल, संचित गर्ग, राहुल चैहान, मोहित शर्मा व राजीव जैन इत्यादि उद्यमियों ने भाग लिया।