– 2000 किलोग्राम लहन नष्ट एवं 100 लीटर कच्ची शराब बरामद
गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर अकुंश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने शराब माफिया पर अपना लगातार शिकंजा किया हुआ है। आबकारी टीम ने हिंडन खादर क्षेत्र के जंगल में चलाई जा रही कच्ची शराब भ_ी को ध्वस्त किया। छापेमारी के दौरान शराब बना रहे माफिया तो आबकारी टीम को देखकर फरार हो गए। लेकिन टीम को इस दौरान बड़ी सफलता मिली। मौके पर कच्ची शराब बनाने के लिए एकत्र कर ड्रमों में रखे लहन व कच्ची शराब बरामद किया।
उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार जिला अधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार के निर्देशन में संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन, मेरठ एवं उप आबकारी आयुक्त मेरठ मंडल के कुशल पर्यवेक्षण में अवैध शराब की निर्माण एवं बिक्री की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा, आबकारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा, आबकारी निरीक्षक रमाशंकर सिंह, अरूण कुमार, त्रिवेणी सिंह मौर्य और लोनी एवं टीला मोड़ थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने महमदपुर, रिस्तल, भनेड़ा, भूपखेड़ी राजपुर, एवं हिंडन खादर क्षेत्र लोनी स्थित ईंट भट्टों एवं संदिग्ध स्थलों पर दबिश कर गहन तलाशी की गई।
दबिश के दौरान हिंडन खादर क्षेत्र में लगभग 2000 किलोग्राम लहन एवं 100 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया। बरामद शराब को जब्त करते हुए उक्त लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 2 अभियोग पंजीकृत किए गए। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोकथाम के लिए टीम द्वारा लगातार छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। शराब माफियाओं के संबधित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। इसके अलावा हाईवे, चेक पोस्ट और ढाबों पर पर लगातार चेकिंग की जा रही है।















