शराब तस्करों और ब्लैकमेलरों को खूब सबक सीखा रहा आबकारी विभाग

-कपड़े व कागज की रद्दी बोरियों के नीचे हरियाणा से शराब लेकर मेरठ में करनी थी सप्लाई
-1 लाख 50 हजार रुपए की 46 पेटी अवैध शराब बरामद, 2 गिरफ्तार

गाजियाबाद। जनपद में शराब तस्करी एवं अवैध बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की मुहिम जोर-शोर पर चल रही है। शराब तस्करों के साथ-साथ शराब विक्रेताओं को तंग कर रहे ब्लैकमेलरों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। कुछ तथाकथित पत्रकार आजकल शराब की दुकानों की वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, आबकारी विभाग ने सभी शराब विक्रेताओं को नियमानुसार कारोबार करने की नसीहत भी दी है। ओवररेटिंग की शिकायत पर तत्काल कार्यवाही करने की बात कही गई है। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ निरंतर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अनुज्ञापियों को भी समय-समय पर जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश की अवैध शराब की जिले में बिक्री रोकने को आबकारी विभाग पूरी तरह से सतर्क है। शराब तस्करों से निपटने के लिए दिल्ली-यूपी बार्डर पर कड़ी निगरानी की जा रही है। इस बीच कुछ शराब विक्रेताओं को तथाकथित पत्रकारों द्वारा ब्लैकमेल करने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में विभाग ने ब्लैकमेलरों को सबक सिखाने के लिए भी कदम उठाए हैं। दरअसल कुछ युवक खुद को पत्रकार बताकर शाम के समय किसी भी शराब की दुकान पर पहुंच कर गलत तरीके से वीडियो तैयार कर अवैध उगाही का प्रयास करते हैं।

गोविंदपुरम में इस गैंग ने शराब के ठेके का फर्जी वीडियो बनाकर ओवररेटिंग का आरोप लगाकर वसूली करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उधर, आबकारी विभाग ने चेकिंग अभियान के तहत 2 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर अवैध शराब बरामद की है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया मंगलवार देर रात प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की विभिन्न टीमों द्वारा डासना चेक पोस्ट, दुहाई चेक पोस्ट एवं दिल्ली बॉर्डर चेक पोस्ट पर चेकिंग की गई। दुहाई चेक पोस्ट पर प्रवर्तन मेरठ एवं आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका गया।

वाहन की तलाशी के दौरान उसमें कटे-फटे कपड़े, कागज की रद्दी एवं बोरों के ढेर के नीचे अवैध देसी शराब मेट्रो रेस के 1950 पौवे, अवैध विदेशी शराब ब्लू मेट्रो लिकर की 48 बोतल, ऑल सीजन की 24 बोतल, इंपीरियल ब्लू की 12 बोतल कुल 46 पेटी अवैध शराब सभी हरियाणा में बिक्री के लिए अनुमन्य का परिवहन करते सावन कुमार पुत्र मदन सिंह निवासी दिल्ली गेट मेरठ को गिरफ्तार किया गया। पकड़ा गया आरोपी मुरथल हरियाणा से शराब लेकर मेरठ में सप्लाई के लिए लेकर जा रहा था। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 1 लाख 50 रुपए है और घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप को भी टीम ने जब्त कर सीज कर दिया गया। पकड़ा गया आरोपी हरियाणा व दिल्ली पुलिस की आंख में धूल झोंक कर महिंद्रा पिकअप गाड़ी में कटे-फटे कपड़े, कागज की रद्दी एवं बोरों के ढेर के नीचे शराब की पेटी भरकर लेकर आ रहा था। मगर दुहाई चेक पोस्ट पर आबकारी विभाग की टीम ने उसे दबोच लिया।

उधर आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 टीएस हयांकी के नेतृत्व में टीम ने विशाल पुत्र दयाचंद निवासी मातावाली गली, थाना साहिबाबाद को साहिबाबाद मंडी गेट से 42 पौवे अवैध देशी शराब मार्का रसीला संतरा के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना लिंक रोड में धारा 60/63 आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जनपद में शराब तस्करी रोकने के लिए प्रभावी तरीके से अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा सभी अनुज्ञापियों को अनुज्ञापन की शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जा रही है। शराब दुकानदारों को बेवजह तंग करने वालों पर भी कार्यवाही की जा रही है।