स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों को पिलाई एक्सपाइरी दवा, परिजनों ने किया हंगामा

गाजियाबाद। एक ओर सरकार प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिले में पीएचसी पर बच्चों को एक्सपाइरी दवा दी जा रही है। मामला कार्टे नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) का है। यूपीएचसी पर बच्चों को विटामिन ए की एक्सपाईरी दवा दी जा रही है। जब इस बारे में वहां मौजूद स्टाफ से शिकायत की गई तो स्टाफ ने कहा कि बच्चे को कुछ नहीं होगा हमारी पूरी जिम्मेदारी है। इस मामले में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। शासन के निर्देश पर जिले में शनिवार को बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाता है।

शास्त्री नगर में रहने वाले उमंग शनिवार सुबह कार्टे नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर अपने बच्चे को टीकाकरण के लिए लेकर गए थे। वहां बच्चे को विटामिन ए की खुराक दी गई। उमंग ने देखा कि जिस बोतल से बच्चे के दवा पिलाई गई वह सितंबर 2021 में यानी दो महीने पहले एक्सपायर हो चुकी है। एक्सपाइरी दवा देखकर उमंग ने विरोध जताया तो वहां मौजूद स्टाफ ने पहले तो उन्हें समझाने का प्रयास किया और फिर कहा कि इस बारे में सीएमओ से शिकायत करो। वहां मौजूद स्टाफ ने कहा कि विटामिन ए की खुराक एक्सपाइरी होने से कोई दिक्कत नहीं होती और इसकी पूरी जिम्मेदारी हमारी है। बच्चे को जिस बोतल से दवा पिलाई गई उस पर उत्पादन अक्टूबर 2019 और एक्सपाइरी सितंबर 2021 अंकित है।