जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष समेत 200 सपाईयों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गाजियाबाद। किसान आंदोलन में समर्थन देने के लिए समाजवादी पार्टी ने सोमवार को किसान समर्थन रैली का ऐलान किया था। लेकिन पुलिस ने रैली का आयोजन करने जा रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को आरडीसी स्थित कार्यालय के बाहर से ही गिरफ्तार में ले लिया। हालांकि इस बीच सपाइयों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष सहित करीब 200 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन लाया गया जबकि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके ही क्षेत्रों में नजरबंद कर दिया। सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक ने कहा कि आज अन्नदाता सड़क पर बैठा है और मोदी सरकार चैन से सो रही है। ऐसी सरकार को नींद से जगाने के लिए समाजवादी पार्टी का हर सिपाही सड़क पर आ चुका है। 
पुलिस प्रशासन चाहे कितना भी जोर लगा ले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता किसानों के समर्थन में लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सपा के सिपाहियों को जेल जाने का डर नहीं है। उन पर झूठे मुकदमे भी दर्ज किए जा सकते हैं। लेकिन हम लोग मानसिक रूप से तैयार हैं और हमें किसान आंदोलन को हर हाल में समर्थन देना ही है। जिला महासचिव वीरेंद्र यादव ने कहा कि कड़कड़ाती ठंड में किसानों पर अत्याचार किए जा रहे हैं। कृषि कानून एक काला कानून है जिसको देश के किसानों पर थोपा जा रहा है।
ऐसे में समाजवादी पार्टी आलाकमान के आदेश पर समाजवादी पार्टी का हर सिपाही किसानों के समर्थन में मैदान में आ चुका है। सपा नेता मनमोहन झा गामा ने कहा कि योगी सरकार को जब डर लगता है तब वह पुलिस आगे कर देती है लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन से डरने वाले नहीं हैं। योगी सरकार ने जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित अन्य सपाइयों को नजरबंद करने का काम किया है। वह कायरता पूर्ण कार्यवाही है। योगी सरकार लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। ऐसी निकम्मी सरकार के खिलाफ जन आंदोलन और तेज किया जाएगा। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने कहा कि जिले में धारा 144 लागू है।
जिसके चलते किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध है। ऐसे में समाजवादी पार्टी द्वारा जो विरोध प्रदर्शन किया गया। उस पर कानूनी कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर जब्बार मलिक, हरीश चौधरी, उमेद पहलवान, मनमोहन झा गामा, सपा महानगर महिला सभा के अध्यक्ष किरण कालिया, आशा सचदेवा, शशि वर्मा, पुष्पा शर्मा, मधु चौधरी, रश्मि चौधरी, विक्रांत पंडित, मनोज पंडित, मुकीम चौधरी, जब्बार मलिक, आशु अब्बासी, आदिल मलिक सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी के नेताओं की किसान यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने पूर्व में ही पुख्ता तैयारियां कर ली थीं। सोमवार तड़के से ही पुलिस फोर्स ने सपा के महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी के जटवाड़ा स्थित आवास को घेर लिया। उस समय राहुल चौधरी के साथ कई सपा नेता भी उनके जटवाड़ा स्थित आवास पर मौजूद थे। पुलिस ने सपा के महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी को घर से निकलने से पूर्व ही नजरबंद कर दिया। राहुल चौधरी को बाद में भी पुलिस लाइन ले जाया गया।
















