विकास कार्यो में तेजी और गंभीरता से करें शिकायतों का निस्तारण: सेंथिल पांडियन सी

गाजियाबाद। जनपद के नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि समस्त अधिकारी विकास कार्यों, निर्माण कार्यों, वसूली, वादों और योजनाओं को समय से पूर्ण करें। विकास कार्यों से संबंधित निर्धारित बिंदुओं पर अधिकारियों की समीक्षा बैठक आहूत हुई। नोडल अधिकारी ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के साथ त्वरित व गुणवत्तापूर्ण उपलब्धि अर्जित कर विकास कार्य कराए जाएं। लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता निस्तारण से पूरी तरह संतुष्ट है या नहीं। उन्होंने सभी अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल पर पर शिकायतों को देखने तथा उनका तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को यह भी निर्देश दिए कि जर्जर तारों व ट्रांसफार्मरों की क्षमता के अनुसार ही कनेक्शन वितरीत किए जाएं ताकि आए दिन फुंकने वाले ट्रांसफार्मरों को रोका जा सके। उन्होंने विद्युत, पेयजल अधिकारियों को विद्युत व पेयजल की सुविधा बेहतर करने के निर्देश दिए। जनपद में आयुष्मान भारत योजना के तहत परिवारों को गोल्डन कार्ड दिए जाने के लक्ष्य के सापेक्ष गोल्डन कार्ड की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों को पहुंचाने के उदे्दश्य से आवश्यक कार्रवाई कराना सुनिश्चित कराएं। एआरटीओ विश्वजीत सिंह को निर्देश दिए कि सडक़ सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराकर अवैध वाहनों एवं ट्रैफिक का उल्लंघन करने वालों पर अभियान चलाकर अर्थदंड लगाया जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण रखा जा सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, अपर जिलाधिकारी (वि. एवं रा.) यशवर्धन श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वीर सिंह आदि मौजूद रहे।