नगर निगम के बुलडोजर का खौफ, खुद अतिक्रमण हटाने में जुटे व्यापारी

गाजियाबाद। शहर में नगर निगम के बुलडोजर का खौफ साफ दिखाई दे रहा है। जिन प्रमुख बाजारों में कभी अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम को सौ बार सोचना पड़ता था, आज वहां के दुकानदार खुद अतिक्रमण हटाने में मशगूल नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ जोरदार मुहिम छेड़ रखी है। निगम की सख्ती का असर अब दिखने लगा है। व्यापारी भी बुलडोजर के डर से नाले-नालियों के ऊपर से रैंप हटाने लगे हैं। इसके अलावा बाजारों में दुकानों के बाहर गलत तरीके से सामान रखने की परंपरा समाप्त होने लगी है। नगर निगम द्वारा व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के संबंध में नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद व्यापारियों ने भी अतिक्रमण के प्रति गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निगम के सभी पांचों जोनल प्रभारियों को बाजारों, मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए थे। नगर निगम द्वारा शहर में जोनल प्रभारियों के नेतृत्व में बुलडोजर चलाकर रोजाना अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है। वहीं, जुमार्ना भी वसूला जा रहा हैं। बाजारों में उद्घोषणा कर नोटिस भी चस्पा किए थे। नोटिस चस्पा होने के बाद व्यापारी अब स्वयं ही अतिक्रमण हटा रहे है। रविवार को बजरिया, डासना गेट, तुराबनगर, रमते राम रोड पर कुछ व्यापारियों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाकर नाली की सफाई कराई।

मेन हॉल के ऊपर जाल की व्यवस्था भी कराई गई ताकि नाले-नालियों की सफाई नगर निगम द्वारा की जा सकें। सिटी जोन प्रभारी गजेंंद्र कुमार ने व्यापारियों के साथ बैठक कर अतिक्रमण हटाने को कहा। उन्होंने बताया कि महापौर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह को मिल रही शिकायतों के क्रम में बजरिया एवं डासना गेट से अतिक्रमण को हटाने के लिए सोमवार की तारीख नियत की गई थी। इसके लिए व्यापारियों को नोटिस दिए गए थे। मगर रविवार को व्यापारियों ने स्वयं ही दुकानों के बाहर नाली पर किए गए अतिक्रमण को हटा लिया। जोनल प्रभारी ने बताया कि व्यापारियों के साथ बैठक कर कहा गया कि वह स्वयं ही नालों-नालियों से अतिक्रमण हटाकर निगम का सहयोग करें ताकि नालों की सफाई में कोई दिक्कत न हो। कुछ व्यापारियों ने स्वयं ही नाली की सफाई कराई।