गाजियाबाद की मार्किट में लगी भयंकर आग, लाखों माल हुआ स्वाहा

गाजियाबाद। ट्रांस हिण्डन क्षेत्र के इंदिरापुरम विंडसर मार्केट में सोमवार सुबह भयंकर आग लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आगजनि में कोई हताहत नही हुई, लेकिन दुकान में रखा लाखों रूपए का माल जलकर स्वाहा हो गया।
इंदिरापुरम के विंडसर मार्केट में फ्रीक्वेंट बेकस के नाम से सुमित सिन्हा की बेकरी की दो दुकानें है। रोजाना की तरह रविवार रात भी वह समय पर अपनी दुकान को बंद कर घर चले गये। सोमवार सुबह मार्किट में कार्यरत सुरक्षाकर्मियों ने दुकान से धुंआ निकलता देख फोन पर मालिक और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर आनन-फानन वह मौके पर पहुंचे। इस बीच दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब 45 मिनट कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में कोई जनहानि नही हुई है। दोनों दुकान में रखे महंगे फ्रिज रखे हुए थे और दुकान की साज-सज्जा में लाखों रुपये भी खर्च किए गये थे। पीडि़त के अनुसार इस आगजनि में करीब 25 लाख रूपए का नुकसान हुआ है। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि दुकान में बड़े-बड़े चूहे है, जिन्होंने बिजली के तार कुतर दिए हो और शार्ट सर्किट की वजह से दुकान में आग लग गई।