11वीं मंजिल पर फ्लैट में आग लगने से हड़कंप, अग्निशमन विभाग ने 4 की जान बचाई

गाजियाबाद। भीषण गर्मी में आग लगने की घटनाएं रूक नहीं रही हैं। गाजियाबाद जनपद में आग लगने का सिलसिला जारी है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रविवार को हाईराइज बिडिंग में 11वीं मंजिल के फ्लैट पर आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने आग में फंसे दंपति और 2 बच्चों को मशक्कत के बाद सुरक्षित बचा लिया। ऐसे में अफरा-तफरी मची रही। उधर, ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक का दाना बनाने की फैक्ट्री में भी आग लग गई।

दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इंदिरापुरम में कृष्णा अपरा गार्डन, वैभव खंड इंदिरापुरम में 11वीं मंजिल के फ्लैट में रविवार की सुबह आग लगने की घटना घटित हुई। इस संबंध में अग्निशमन विभाग को सुबह करीब सवा नौ बजे सूचना मिली। सूचना पाकर अग्निशमन कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। फ्लैट के भीतर प्रखर श्रीवास्तव, उनकी पत्नी तृप्ति श्रीवास्तव, बेटा आरध्य अतुल व आहान अतुल थे। अग्निशमन कर्मियों ने फ्लैट में जाकर चारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चारों धुआं फैलने के कारण फंस गए थे।

तदुपरांत अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। आग लगने से फ्लैट में रखा घरेलू सामान जल गया। वहीं, ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक का दाना बनाने की फैक्ट्री में आग लगने से कई लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के समय फैक्ट्री बंद थी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जाहिर की गई है।