-अग्रिशमन एवं एनडीआरएफ की टीम ने घंटो बाद आग पर पाया काबू
गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्ट्री में बुधवार की सुबह भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। आग इतनी भयावह लगी हुई थी कि आसपास की फैक्ट्री भी आग की चपेट में आ गई। फैक्ट्री में आग बुझाने के लिए फायर बिग्रेड कर्मियों के अलावा एनडीआरफ की महिला टीम एवं गाजियाबाद के अलावा मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्धनगर जिले से 10 फायर बिग्रेड की गाडिय़ों को बुलाना पड़ा। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
आग की सूचना सुबह करीब साढ़े 8 बजे मिलने के बाद एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह,सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार,एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह,एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल,सीओ कविनगर अभय कुमार मिश्र,कविनगर थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह के अलावा मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग के बीच में केमिकल से भरे ड्रम फटने से धमाके होते रहे। फैक्ट्री में लगी आग से कोई जान की हांनि नहीं हुई।
एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एफ-26/1 मैंथा एलाइड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में सुबह करीब 8 बजे आग लग गई। भीषण आग लगने की वजह से फैक्ट्री में रखे ड्रम भी फटने लगे। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड कर्मियों और एनडीआरएफ की टीमों ने आग पर काबू पाया। आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि यह मिथाइल पिगमेंट फैक्ट्री है। आग बुझाने के लिए 10 गाडिय़ां दमकल की लगानी पड़ी। वहीं,एनडीआरएफ की महिला टीम भी आग बुझाने पहुंची। सूचना मिलने पर मौके पर टीम के पहुंचने पर देखते ही देखते आग ने एक अन्य फैक्टरी को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग फैलती गई और पास की दो अन्य फैक्टरियों को भी चपेट में ले लिया। केमिकल फैक्टरी होने के कारण बीच-बीच में धमाके हो रहे हैं। केमिकल रिसाव के कारण फैक्टरी के बाहर खड़ी कार भी आग की चपेट में आने से जल गई है। धुआं दूर तक फैलता गया। आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हो पाया। इंडस्ट्रियल एरिया में मनोज गुप्ता की मिथाइल पिगमेंट केमिकल की फैक्टरी है। जिसमें आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। इस फैक्ट्री में लगी आग की वजह से इसके बरामद में एफ-5 वीआर एंटरप्राइजेज फैक्ट्री में आग पहुंच जाने के बाद इसका पिछला हिस्सा जो पीवीसी पाइप बनाने की है। आग की चपेट में आने से पाइप जल गए। टीमों ने जैसे-तैसे करके आग पर काबू पाया।
















