डीएम और एसएसपी के नेतृत्व में मोदीनगर में फ्लैग मार्च

गाजियाबाद। जनपद में आसन्न विधान सभा चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सरकारी तंत्र ने कमर कस ली है। मतदाताओं में सुरक्षा की भावना जाग्रत करने को निरंतर फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में मोदीनगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च में पुलिस और बीएसएफ के जवानों ने भाग लिया। इस मौके पर एसपी (ग्रामीण) डॉ. ईरज राजा, एडीएम (प्रशासन) ऋतु सुहास, एसडीएम शुभांगी शुक्ला, मोदीनगर सीओ सुनील कुमार सिंह, थाना प्रभारी अनीता चौहान आदि मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने फ्लैग मार्च के दौरान अपील कर कहा कि 10 फरवरी को मतदाता निर्भीक होकर निष्पक्ष मतदान करें। चुनाव में गड़बड़ी एवं धांधली करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मोदीनगर में फ्लैग मार्च कर दोनों अधिकारियों ने लोगों को निडर होकर मतदान के लिए प्रेरित किया। एसएसपी पवन कुमार ने कहा कि 10 फरवरी को होने वाले मतदान को निष्पक्ष,स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है। ऐसे में मतदाता निर्भीकता के साथ अपने मत का प्रयोग करें। जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन-पुलिस एवं बीएसएफ की कंपनी के जवानों के साथ फ्लैग मार्च निकाला जा रहा हैं। मोदीनगर में रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों के साथ फ्लैग मार्च निकाया गया।

वहीं, घंटाघर कोतवाली क्षेत्र में कोतवाली प्रभारी अमित खारी ने चौकी इंचार्ज एवं बीएसएफ की एक कंपनी के जवानों के साथ कैलाभट्टा, बजरिया, घंटाघर, तुराबनगर आदि इलाकों में फ्लैग मार्च किया। वहीं, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मतदान के मद्देनजर सभी पांचों विधानसभा सीट क्षेत्र में संवेदनशील, अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करते हुए लोगों से निर्भीक होकर मतदान की अपील की जा रही हैं। फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से बगैर किसी के दबाव में आए मतदान करने और कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की गई। उन्होंने सभी से चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार का प्रलोभन देकर मतदाताओं को प्रभावित करने एवं धांधली का प्रयास करने,गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।