-200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग 7 59 करियर स्टॉल्स 7 शिक्षकों और छात्रों की अभिनव पहल को सराहा गया
सीए (डॉ.) जी.एस. ग्रेवाल, आईसीएमएआई सदस्य चटोपाध्याय और विभोर जिंदल समेत कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सुनियोजित करियर निर्माण की दिशा में सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल ने गुरुवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया। विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ करियर दिशा-संधान कार्यक्रम एक ऐसा मंच जहां छात्रों को मिला अपने सपनों को दिशा देने का सटीक मार्गदर्शन। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधन समिति की गरिमामयी उपस्थिति में रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में सीए (डॉ.) जी.एस. ग्रेवाल, आईसीएमएआई के काउंसिल सदस्य चितरंजन चटोपाध्याय, सीए विभोर जिंदल, और क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। इस भव्य आयोजन में गाजियाबाद-एनसीआर के 200+ छात्र शामिल हुए। विद्यार्थियों द्वारा संचालित 59 विशेष स्टॉल्स में कोर्स, कॉलेज/यूनिवर्सिटी और संबंधित परीक्षाओं को केंद्र में रखकर करियर विकल्पों की व्यवस्थित जानकारी प्रदान की गई। यह आयोजन विशेष रहा क्योंकि इसे विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पूरी तरह से मिलकर संचालित किया।
इसमें सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं जैसे ‘सेवाभारती सेवाधाम’ के विद्यार्थियों को भी शामिल कर सामाजिक समावेशिता का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के 30 से अधिक पूर्व छात्र भी शामिल हुए, जिन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन दिया और विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं को समझाया। सीए (डॉ.) जी.एस. ग्रेवाल ने छात्रों और शिक्षकों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा इस प्रकार की पहल न केवल विद्यार्थियों को करियर के प्रति जागरूक बनाती है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी उन्हें सशक्त करती है। यह आयोजन अनुकरणीय है। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सुभाष जैन ने कहा कि आज के समय में करियर का चयन विद्यार्थियों के जीवन की सबसे निर्णायक प्रक्रियाओं में से एक है। हमारा उद्देश्य यह है कि हमारे छात्र केवल जानकारी तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें मार्गदर्शन और आत्मविश्वास भी मिले।
यह आयोजन इसी दिशा में हमारा एक प्रतिबद्ध प्रयास है। हम चाहते हैं कि हमारा हर विद्यार्थी अपने जीवन का आर्किटेक्ट स्वयं बने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला नागरिक बनकर उभरे। वहीं वाइस चेयरमैन डॉ. माला कपूर ने कहा कि इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि जब छात्रों को मंच दिया जाए और उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाए, तो वे न केवल उसे निभाते हैं, बल्कि उसे असाधारण बना देते हैं। विद्यार्थियों ने जिस आत्मविश्वास और तैयारी के साथ स्टॉल्स संचालित किए, वह उनकी नेतृत्व क्षमता और दूरदृष्टि को दर्शाता है। हमें गर्व है कि हमारा संस्थान केवल शिक्षा नहीं, बल्कि व्यावहारिक जीवन के लिए तैयार करने का कार्य कर रहा है।
भविष्य निर्माण की दिशा में एक उदाहरणीय पहल
सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि वह छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है। इस दिशा-संधान कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन दिया, बल्कि उन्हें स्वयं मार्गदर्शक बनने की प्रेरणा भी दी।
‘स्टूडेंट्स-बाय-स्टूडेंट्स’ मॉडल बना मिसाल
यह आयोजन खास इसलिए भी रहा क्योंकि इसकी परिकल्पना, योजना और संचालन पूरी तरह से सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के छात्रों और शिक्षकों द्वारा किया गया। बगैर किसी पेशेवर इवेंट मैनेजमेंट की मदद के, जिस तरह से छात्रों ने आयोजन को सफल बनाया, वह यह दर्शाता है कि यह विद्यालय सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन कौशल भी सिखाता है।
59 स्टॉल्स, 200+ विद्यार्थी, एक ही उद्देश्य – स्पष्ट करियर दिशा
विद्यालय परिसर में लगे 59 विशेष स्टॉल्स पर विद्यार्थियों ने कोर्स, कॉलेज/यूनिवर्सिटी और संबंधित परीक्षाओं से जुड़ी समग्र जानकारी को आकर्षक और सरल तरीके से प्रस्तुत किया। यह आयोजन केवल प्रेजेंटेशन नहीं था, बल्कि एक इंटरएक्टिव एक्सपीरियंस ज़ोन था, जहाँ छात्र अपने मन के सवाल पूछकर विशेषज्ञों और अनुभवी छात्रों से तुरंत उत्तर प्राप्त कर सके।
हर स्टॉल पर संबंधित करियर से जुड़ी जानकारी को तीन भागों में विभाजित
-कोर्स का स्वरूप व संभावनाएँ
-देश-विदेश के प्रमुख कॉलेज/यूनिवर्सिटीज़
-प्रवेश व प्रतियोगी परीक्षाओं की रूपरेखा


















