दिल्ली में नहीं मिलेगी मालवाहक वाहनों को एंट्री

गाजियाबाद। दिल्ली में गणतंत्र दिवस से पहले शनिवार को होने वाली परेड की रिहर्सल और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के चलते भारी वाहन, मालवाहक बॉर्डर से दिल्ली में नहीं जा सकेंगे। 23 जनवरी को कार्यक्रम समाप्त होने तक 25 जनवरी की रात 8 बजे से 26 जनवरी को कार्यक्रम समाप्त होने तक रूट डायवर्जन रहेगा। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि गणतंत्र दिवस को दृष्टिगत रखकर शनिवार को दिल्ली में गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल और 26 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम के चलते रूट डायवर्जन लागू किया गया है। शनिवार को कार्यक्रम समाप्त होने तक 25 जनवरी की रात 8 बजे से 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहन ट्रक, बसों, मालवाहक और स्लो मूविंग वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इन सभी भारी वाहनों को पहले ही रोक दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि यूपी गेट, भोपुरा, महाराजपुर, ज्ञानी बॉर्डर और लोनी बॉर्डर से किसी भी भारी वाहन को दिल्ली नहीं जाने दिया जाएगा। यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन के चलते डायवर्जन किया गया है। इससे अन्य बॉर्डर पर वाहनों का दबाव अधिक है। सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े होने से स्थिति और खराब होगी और जाम से वाहन चालकों को जूझना पड़ेगा। रूट डायवर्जन प्लान के अनुसार सभी प्रकार के भारी वाहनों का एनएच-9 से यूपी गेट होकर दिल्ली जाने पर रोक रहेगी। वहीं, डाबर तिराहा से महाराजपुर से कोई भी मालवाहक वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेगा।