जुमे की नमाज आज: उपद्रव किया तो जाओंगे जेल: मुनीराज जी.

  • एसएसपी ने एसपी, एएसपी, सीओ आदि अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए कार्रवाई के निर्देश

गाजियाबाद। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपूर शर्मा के बयान के बाद पिछले जुमे की नमाज के बाद हुए कई शहरों में उपद्रव से सबक लेते हुए आज जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है।
एसएसपी मुनिराज जी. ने कैंप कार्यालय पर एसपी, एएसपी, सीओ आदि अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि आज जुमे की नमाज पर उपद्रव  करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और किसी को भी बख्शा नही जाए। जिले में आज यानि कि शुक्रवार को जुमे की नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि जुमे की नमाज को  दृष्टिगत रखते हुए सुबह से आज अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहे। उन्होंने सभी धार्मिक गुरुओं, मौलवी, पुजारी एवं प्रतिष्ठित लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स के जवानों के अलावा पीएसी जवानों की तैनाती रहेगी। लोनी से लेकर मोदीनगर, मुरादनगर, भोजपुर, निवाड़ी, मसूरी, विजयनगर, डासना, साहिबाबाद, शहीदनगर समेत अन्य सभी ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस पिकेट की व्यवस्था करने के साथ संवेदनशील इलाकोंं में व्यापक स्तर पर गश्त और फ्लैग मार्च कर लोगों के साथ संवाद बनाए रखे।

वहीं,फायर बिग्रेड,वर्ज वाहन, वाटर कैनन,आंसू गैस आदि के दस्ते तैनात रहे।  जुमे की नमाज को जिले में शांति पूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए नफरत फैलाने एवं भ्रामक संदेशों को लेकर पुलिस सतर्क रहे। सांप्रदायिक लोगों एवं आंदोलनकारियों पर कड़ी निगरानी व असामजिक तत्वों पर सर्तक दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए। जिले में आज जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़ी चुनौती दिख रही हैं। बैठक में एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, ज्ञानेन्द्र सिंह, सुभाष चन्द्र गंगवार, एसपी क्राइम दीक्षा शर्मा, एसपी टै्रफिक सीओ प्रथम स्वतंत्र सिंह, अवनीश कुमार, आलोक दुबे, अभय कुमार मिश्रा, आकाश पटेल, रजनीश कुमार उपाध्याय आदि अधिकारी मौजूद रहे।