राष्ट्रहित में सिख समाज का भाजपा को पूर्ण समर्थन: जितेंद्र शंटी

-विभिन्न गुरुद्वारा समितियों के प्रतिनिधियों ने दिखाई एकजुटता, सुनील शर्मा को दिया समर्थन

गाजियाबाद। सामाजिक सेवाओं के लिए भारत सरकार से पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित जितेंद्र सिंह शंटी, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सरदार एस.पी. सिंह व ट्रांस हिंडन की सभी गुरुद्वारा समितियों के प्रतिनिधियों द्वारा चंद्रनगर कल्ब में आयोजित कार्यक्रम में आगामी विधान सभा चुनाव के लिए विधायक सुनील शर्मा की मौजूदगी में राष्ट्रहित के लिए भाजपा को अपना पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने गत 5 वर्षों में भ्रष्टाचार से मुक्ति व भयमुक्त समाज वाली सरकार दी है। इसके साथ-साथ समाज के सभी वर्गों को बराबर सम्मान देकर प्रदेश में विकास को नई गति दी है। 10 फरवरी को सिख समाज भाजपा के प्रत्याशियों को अपना समर्थन देगा और सीएम योगी के नेतृत्व में पुन: पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह ने कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने गत पांच वर्षों से लगातार अपने आवास पर गुरुग्रंथ साहिब का प्रकाश कराकर व सिख गुरुओं को व समाज को यथायोग सम्मान दिया है। पूर्व की सरकारों में जनता को बुरी तरह से प्रताडि़त किया गया और तुष्टिकरण के आधार पर सरकारों ने काम किया। विधायक व प्रत्याशी सुनील शर्मा ने कहा कि वह 2 बार विधायक रह चुके हैं। इस कार्यकाल में लोगों की अपेक्षा के अनुरूप क्षेत्र का समुचित विकास कराया गया है। बेहतर कानून व्यवस्था योगी सरकार की प्राथमिकता है, जिसके कारण अपराधियों में भय व खौफ पैदा हुआ है। आज मां, बहन व बेटियों को सुरक्षित वातावरण मिल पा रहा है। आपके समर्थन से आगे पांच सालों में विकास के और नये आयाम स्थापित किए जाएंगे। स्थानीय पार्षद श्री भगवान अग्रवाल, पार्षद पति अजय त्यागी, पार्षद हिमांशु मित्तल, मंडल अध्यक्ष सुधीर त्यागी ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर गुरुद्वारा सूर्य नगर के अध्यक्ष रनबीर सिंह भाटिया, हनी भाटिया, गुरुद्वारा रामप्रस्थ के अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह लवली, शहीद भगत सिंह सेवा दल के कंवलजीत सिंह सिक्का, गुरुद्वारा शालीमार गार्डन के अध्यक्ष सुखविंदर विर्दी, गुरुद्वारा लाजपत नगर से रमनदीप सिंह, गुरुद्वारा जनकपुरी के अध्यक्ष कंवलजीत गिल व रामप्रस्थ के पूर्व अध्यक्ष परमजीत सिंह पाहवा, गुरुद्वारा शहीद नगर के कुलदीप सिंह व गुरुद्वारा इंदिरापुरम से सुनीता नागपाल द्वारा विधायक व भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा, पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी को कृपाण व सरोपा देकर सम्मानित किया गया।