गाजियाबाद। हरिद्वार से गंगनहर की सिल्ट सफाई के कारण बंद गंगनहर में दीपावली पर्व के बाद हरिद्वार से 5 नवंबर की रात में पानी छोड़ा जाएगा। तदुपरांत नोएडा एवं गाजियाबाद की कॉलोनियों को आगमी 10 नवंबर से गंगाजल की आपूर्ति आरंभ हो सकेगी। दीवाली के बाद हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़े जाने पर 3 दिन बाद ही गंगाजल प्लांट में पानी पहुंच सकेगा। इसके बाद ही कॉलोनियों में गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो सकेगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 5 नवंबर की रात को हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़ा जाएगा। मुरादनगर तक पानी के पहुंचने में कम से कम 72 घंटे लगेंगे। इसके अनुसार 8 नवंबर की रात तक पानी पहुंच जाएगा। सिंचाई विभाग गंगानहर मेरठ खंड के अधिशासी अभियंता एनके लांबा ने बताया कि गंगनहर के साथ अन्य नहरों की सिल्ट की सफाई का काम अंतिम चरण में है। तीन नवंबर की रात तक काम पूरा हो जाएगा। चार नवंबर को पानी छोडऩे की तैयारी की जाएगी और पांच नवंबर को पानी छोड़ दिया जाएगा।
बता दें कि हरिद्वार से गंगनहर की सफाई के चलते बीते 18 अक्टूबर से नोएडा, दिल्ली के साथ ही गाजियाबाद की 7 कॉलोनियों में गंगाजल की आपूर्ति 18 अक्टूबर से बंद है। हरिद्वार से 15 अक्टूबर को गंगनहर में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। नगर निगम और जीडीए द्वारा इंदिरापुरम, कौशांबी एवं वसुंधरा समेत अन्य डेल्टा कॉलोनियों में ट्यूबवैल से पानी की आपूर्ति की जा रही है। मगर लोगों की डिमांड के सापेक्ष पानी की आपूर्ति के वैकल्पिक इंतजाम नाकाफी हैं। दशहरा और दीवाली पर हर साल गंगनहर में सिल्ट की सफाई से गंगाजल आपूर्ति 20 से 21 दिन के लिए बंद हो जाती है। इस बीच दो घंटे सुबह और दो घंटे शाम को ही पानी की आपूर्ति होती है। लोगों को बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ता है। सिंचाई विभाग द्वारा छठ पर्व के मद्देनजर 8 नवंबर को गंगनहर से ही 400 क्यूसेक पानी छोड़ेगा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि रिजर्व पानी में से धीरे-धीरे पानी छोडऩा शुरू कर दिया गया है। 9 और 10 नवंबर को अतिरिक्त पानी हिंडन नदी में छोडऩे की योजना है। 10 नवंबर को छठ पर्व को लेकर नगर निगम द्वारा नदी से जलकुंभी की सफाई कराई जा रही है। सिंचाई विभाग की ओखला खंड द्वारा नदी के घाटों पर निर्माण कार्य कराया जा रहा हैं।सिद्वार्थ विहार स्थित जल निगम के गंगाजल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट 100 क्यूसेक और 50 क्यूसेक के दोनों प्लांट बंद होने के चलते नगर निगम के वसुंधरा जोन में 105 नलकूपों,जीडीए इंदिरापुरम में 22 नलकूपों से पानी की सप्लाई कर रहा है। गंगाजल प्लांट के सहायक अभियंता अद्वित्या शर्मा ने बताया कि गंगनहर में पानी आने के बाद कॉलोनियों को 10 नवंबर से गंगाजल की आपूर्ति की जा सकेगी। फिलहाल गंगाजल की आपूर्ति न होने से वैशाली, कौशांबी, वसुंधरा, सूर्यनगर, रामप्रस्थ, रामपुरी, बृजविहार, चंद्रनगर, इंदिरापुरम, नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति नहीं हो रही हैं।
















