खोड़ा में घर-घर पहुंचेगा गंगाजल, EO केके मिश्रा ने कहा तेजी से चल रहा है योजना पर काम

-खोड़ा में पानी की सप्लाई के लिए शुरू हुआ सर्वे का कार्य
-गंगाजल योजना को लेकर चेयरमैन रीना भाटी और ईओ केके मिश्रा ने किया सर्वे

गाजियाबाद। पिछले दो दशक से पानी की किल्लत झेल रहे खोड़ावासियों के लिए खुशखबरी है। खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद और यूपी जल निगम ने खोड़ा पेयजल योजना पर कवायद शुरू कर दी है। गुरूवार को खोड़ा में गंगा जल की सप्लाई के लिए सरकारी जमीनो के सर्वे का कार्य शुरू किया गया। गंगाजल के एई आरपी सिंह, खोडा-मकनपुर नगर पालिका परिषद चेयरमैन रीना भाटी और अधिशासी अधिकारी (EO) केके मिश्रा ने खोड़ा में कई जगह जमीनो का सर्वे किया। खोड़ा में गंगा जल सप्लाई का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है और अनुमान लगाया जा रहा है कि जमीनो के सर्वे के बाद गंगा जल लाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। गुरूवार को सात जगहो को चिन्हित किया गया, जहां पर अंडरग्राउंड टैंक बनाए जांएंगे। इन अंडरग्राउंड टैंको में प्रताप विहार से पानी लाकर स्टोर किया जाएगा और वहा से मोटर के जरिए घर-घर तक पानी पहुंचाया जाएगा।
खोड़ा नगरपालिका परिषद के EO केके मिश्रा ने बताया कि आगामी 6 महीने में पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। इसके लिए पूरे खोड़ा से 7 जगहो को चिन्हित कर लिया गया है। इसके लिए एस्टीमेट बनाया जा रहा है जिसके बाद कार्य शुरू हो जाएगा। सेक्टर-62 में प्रताप विहार से पानी आता है, उसी से इन सात जगहों पर बनाए जाने वाले अंडरग्राउंड टैंक में पानी भरा जाएगा। खोड़ा चेयरमेन रीना भाटी ने बताया कि गंगा जल सप्लाई का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है और जल्द ही खोडा को पानी की समस्या से निजात मिल जाएगी।
बता दें कि फिलहाल खोड़ा के निवासी पानी के लिए प्राइवेट ट्यूबवेल पर निर्भर हैं। यूपी जलनिगम की रिपोर्ट के अनुसार, खोड़ा में अंडरग्राउंड रिजर्व वॉटर का टीडीएस काफी ज्यादा है, जो पीने योग्य नहीं हैं। स्थानीय लोग पीने के लिए बोतल बंद पानी खरीदते है। पिछले दो दशक से खोड़ावासियों के साथ सामाजिक संगठन के लोग पानी की मांग को लेकर मांग उठा चुके है।