गाजियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र में खेत खरीद कर कॉलोनाइजर द्वारा काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी और ढाबे पर कार्रवाई कर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के प्रवर्तन दस्ते की टीम ने सड़क, बाउंड्रीवाल, खंबे और अवैध ढाबे को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ओएसडीए संजय कुमार के नेतृत्व में जोन के सहायक अभियंता राजेश वर्मा, अवर अभियंता संजय कुमार, सुनील कुमार, योगेंद्र कुमार वर्मा, रामवीर सिंह चौहान, शील निधि शर्मा, जीडीए पुलिस और मुरादनगर थाने की पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
जीडीए ओएसडी संजय कुमार ने बताया कि मुरादनगर क्षेत्र में करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। जिसमें ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मुरादनगर क्षेत्र में पाइप लाइन रोड के पास करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन पर मोहम्मद असलम पुत्र औशाफ खान द्वारा काटे जा रहे प्लॉट में बाउंड्रीवाल,खंबे,सड़क आदि को ध्वस्त किया गया। वहीं, खसरा नंबर-156 व 160 जलालपुर मुरादनगर में असलम पुत्र अब्दुल सलाम,हाजी ताहिर पुत्र इक राम आदि द्वारा करीब 5 हजार वर्गमीटर जमीन पर काटे प्लॉट ध्वस्त किए गए। बुलाकी दास पुत्र नानक चंद द्वारा दिल्ली-मेरठ हाइवे सीकरी कलां के पास करीब 15 हजार वर्गमीटर जमीन काटी जा रही अवैध कॉलोनी में प्लॉट को ध्वस्त किया गया। वहीं, संदीप द्वारा पाईप लाइन रोड के पास कृष्णा वाटिका के नाम से काटी गई कॉलोनी में खंबे, सड़क को ध्वस्त किया गया। विनय कुमार पुत्र वीरमती द्वारा आकाश विहार कॉलोनी दिल्ली-मेरठ हाइवे के पास करीब 250 वर्ग मीटर में अवैध रूप से चलाए जा रहे ढाबा को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का लोगों ने जमकर विरोध किया, मगर जीडीए पुलिस और मुरादनगर थाने की पुलिस ने उन्हें लाठी फटकार कर वहां से खदेड़ दिया।















