गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के सभागार में शुक्रवार को आयोजित हुई नीलामी में मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना वैशाली योजना में रिक्त पड़े 9 आवासीय भूखंडों की बिक्री की गई। जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को जीडीए सभागार में जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी की अध्यक्षता में टाउन प्लानर राजीव रतन शाह, सहायक अभियंता विनय वर्मा, सुरजीत, लेखाकार योगेंद्र कुमार, वरिष्ठ संपत्ति लिपिक प्रभात चौधरी आदि की मौजूदगी में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक नीलामी की गई।
नीलामी के चलते बोलीदाताओं की जीडीए में काफी भीड़ रहीं। जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि नीलामी में मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के 7 आवासीय भूखंड और वैशाली योजना के 2 आवासीय भूखंड समेत 9 भूखंडों को 11.87 करोड़ रुपए में बेचा गया। मधुबन-बापूधाम व वैशाली योजना के भूखंडों समेत कुल 325 भूखंड-भवन नीलामी में बेचने के लिए रखे गए थे। नीलामी में मधुबन-बापूधाम योजना के 7 आवासीय भूखंड 42 हजार रुपए प्रतिवर्गमीटर से 45.45 हजार रुपए प्रतिवर्गमीटर की दर से नीलामी में बेचे गए। नीलामी में मधुबन-बापूधाम योजना और वैशाली के कुल 9 भूखड़ों को 11.87 करोड़ रुपए में बेचा गया।
नीलामी में 40 वर्गमीटर से लेकर 60,90,112,150,200,300 और 450 वर्गमीटर के भूखंड बेचने के लिए रखे गए थे। इन रिक्त भूखंडों में 9 भूखंडों को बेचा गया। मधुबन-बापूधाम योजना में उम्मीद से अधिक बोलीदाताओं ने बोली लगाकर नीलामी में यह भूखंड खरीदे। नीलामी मेें इनका रिजर्व मूल्य 32 हजार रुपए प्रतिवर्गमीटर रखा गया था। जो 45 हजार से लेकर 45.50 हजार रुपए प्रतिवर्गमीटर की दर से बेचे गए। बीते शुक्रवार को भी नीलामी में जीडीए 20 भूखंडों को बेचने के बाद 21.01 करोड़ रुपए की आय हुई थी। जबकि 11 नवंबर शुक्रवार को 30 भूखंडों को 38 करोड़ रुपए में नीलामी में बेचे गए थे।
















