अवैध निर्माण पर जीडीए का चला बुलडोजर

दोबारा निर्माण किया तो की जाएगी कानूनी कार्रवाई

गाजियाबाद। बिना स्वीकृति के अवैध तरीके से बसाई गई कई कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन इकाई ने कार्रवाई की है। जीडीए द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान जीडीए द्वारा चेतावनी भी दी जा रही है कि दोबारा निर्माण मिलने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा के आदेश पर शुक्रवार को राजनगर एक्सटेंशन में फ्लैट, बिल्डिंग और अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। जीडीए ओएसडी एवं प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी संजय कुमार सिंह ने प्रवर्तन जोन-1 के सहायक अभियंता प्रशांत गौतम, प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी सहायक अभियंता एसके वर्मा, प्रवर्तन जोन-3 के सहायक अभियंता लवकेश कुमार, अवर अभियंता गिरिजा शंकर मल, जीडीए इंस्पेक्टर जितेंद्र कालरा और सिहानी गेट थाने की पुलिस की मौजूदगी में राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में खसरा संख्या-578 गांव नूरनगर में जीडीए से बगैर नक्शा पास कराए अवैध रूप से अनाधिकृत कॉलोनी में मकानों को ध्वस्त किया।

जेसीबी से मकानों के पिलर तोडऩे के बाद उन्हें जमींदोज किया गया। जीडीए ओएसडी संजय कुमार सिंह ने बताया कि इन मकानों को ध्वस्त करने के अलावा अवैध कॉलोनी में प्लॉट की एक दर्जन से अधिक चारदीवारी, गेट, बिजली खंबों आदि को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान लोगों ने विरोध किया, मगर पुलिस फोर्स ने उन्हें लाठी फटकार कर खदेड़ दिया। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसकी रिपोर्ट बनाई जा रही है। अवैध निर्माण को चिन्हित करने के बाद कार्रवाई की गई। राजनगर एक्टेंशन क्षेत्र में अवैध निर्माण की शिकायतें मिल रही हैं। आगे भी अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया जाएगा। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी गई कि अगर दोबारा निर्माण किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।