-सड़क, निर्माण को ध्वस्त करते हुए दोबारा अवैध निर्माण न करने की दी चेतावनी
गाजियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मेट्रो होम के नजदीक अवैध रुप से काटी जा रही करीब 15 बीघा जमीन में अनाधिकृत कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) टीम ने सड़क व निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अवैध निर्माण को लेकर जीडीए सख्त रुख अपना रहा है। प्रतिदिन अभियान चलाकर जीडीए अवैध निर्माण के खिलाफ अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देश है कि कहीं भी अवैध रुप से काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी या निर्माण होता पाया जाता है तो बिना देरी किए कार्रवाई करें। जिस क्षेत्र में अवैध निर्माण होने की शिकायत मिलेगी तो संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 की प्रभारी एवं ओएसडी कनिका कौशिक ने सहायक अभियंता योगेश पटेल, अवर अभियंता एवं जीडीए पुलिस की मौजूदगी में मुरादनगर क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर-सैंथली के खसरा संख्या-618 पर राजेंद्र द्वारा लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर सड़क व निर्माण कार्य को ध्वस्त करा दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्देश दिए कि बगैर मानचित्र स्वीकृति के कोई कार्य न कराया जाए।
प्रवर्तन जोन के सहायक अभियंता, अवर अभियंता व सुपरवाईजर को भी निर्देशित किया कि सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उक्त अवैध निर्माण पुन: शुरू न होने पाए। अगर पुन: निर्माण होता पाया गया तो संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। जीडीए सीमा क्षेत्र में मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही किसी भी कॉलोनी में निर्माण किया जाए। कोई भी व्यक्ति किसी भी वादग्रस्त एवं विवादित निर्माण में भवनों का क्रय-विक्रय न करें।

















