जीडीए की सख्त कार्रवाई, अवैध निर्माणों पर चलाया बुलडोजर

  • इंदिरापुरम के नीतिखंड में अवैध निर्माण कर बनाया गोदाम, किया ध्वस्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश के तहत अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-6 की टीम ने इन्दिरापुरम के नीतिखंड-1 में स्थित भवन संख्या-955 में किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह भवन अवैध रूप से दैनिक वस्तुओं के गोदाम के रूप में इस्तेमाल हो रहा था, और इसके मालिक को तोडऩे के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। इसके अतिरिक्त, अहिंसाखंड-2 के इंडिया मून सिटी में विपिन कुमार द्वारा सार्वजनिक पार्क की ओर अवैध रूप से बनाए गए दरवाजे और खिड़कियों को सील कर दिया गया।

न्यायखंड-2 के भवन संख्या-565सी की छत पर किए गए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया, जिसके लिए हथौड़े का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई। जीडीए ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।