जीडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की

गाजियाबाद। बगैर नक्शा पास कराए अवैध रूप से प्लाटिंग करने और मकान और बाउंड्रीवाल बनाने वालों के खिलाफ  गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन दल की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। बुधवार को जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता मानवेंद्र कुमार सिंह की अगुआई में अवर अभियंता रामेश्वर कुमार, रामानंद, शिवओम त्यागी, गणेश चंद्र जोशी, राजेंद्र कुमार शर्मा, जीडीए इंस्पेक्टर जितेंद्र कालरा और साहिबाबाद थाना पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्रवर्तन प्रभारी मानवेंद्र कुमार ने बताया कि सिटी फॉरेस्ट के पास गांव करहेड़ा के नजदीक वहां की जमीन पर अवैध रूप से काटे गए प्लॉट में 20 भूखंडों की बाउंड्रीवाल और अवैध रूप से बनाए गए 15 मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। वहीं, गांव असालतपुर में मनोज त्यागी द्वारा अवैध रूप से करीब 2000 वर्ग गज जमीन पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। यहां पर अवैध प्लॉटिंग होने के चलते बाउंड्रीवाल, सड़क, खंबों आदि को तोड़ा गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान लोगों ने जमकर विरोध और हंगामा किया। मगर पुलिस फोर्स ने उन्हें लाठी फटकार कर वहां से खदेड़ दिया।