गाजियाबाद। जीडीए ने अवैध निर्माण के खिलाफ एक बार फिर कड़ी कार्रवाई की है। शहर की पॉश कॉलोनी इंदिरापुरम और कौशांबी में जीडीए की प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण पर बुलडोजर के बजाय हथौड़ा चलाकर कार्रवाई की। जीडीए प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी एवं ओएसडी सुशील कुमार चौबे के नेतृत्व में इंदिरापुरम, कौशांबी और वैशाली क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि प्रवर्तन जोन-6 के सहायक अभियंता योगेश कुमार पटेल एवं अवर अभियंता गिरिजा शंकर मल्ल, टीएन सिंह, सतेंद्र सिंह, वीके पांडेय, विजय सिंह चौहान एवं जीडीए पुलिस और इंदिरापुरम थाने की पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
इंदिरापुरम में भूखंड संख्या-एनके-1/226नीति खंड-1में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बनाई गई अतिरिक्त यूनिटों को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा भूखंड संख्या-जीके-11/22 ज्ञानखंड-2 इंदिरापुुरम में टैरिस पर अवैध रूप से स्टोर बनाने और भूखंड संख्या-जीके-1/135 ज्ञानखंड-1 एवं भूखंड संख्या-जीके-1/168 ज्ञानखंड-1इंदिरापुरम में छज्जे पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया।
ओएसडी सुशील कुमार चौबे ने कहा कि जीडीए प्रवर्तन जोन-6 क्षेत्र में अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त करने और सीलिंग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि अवैध रूप से बनाई यूनिट,फ्लैट को खरीदेंं और बेचे नहीं,इन पर कार्रवाई के लिए वह स्वयं जिम्मेदार होंगे। ऐसे अवैध यूनिट एवं फ्लैट में नगर विकास अधिनियम एक्ट के तहत बिल्डर एवं निर्माण करने वालों के खिलाफ थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। इसके संबंध में जीडीए के जोन प्रभारी,सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता से फ्लैट की वैधता के संबंध में जानकारी कर सकते हैं।















