अवैध निर्माण पर जीडीए की सख्ती, सभी जोन में तैनात रहेंगे दो-दो बुलडोजर

-अवैध निर्माण को ध्वस्त करने और अभियान को सफल बनाने को साधन जुटाने में जुटा जीडीए

गाजियाबाद। शहर में अवैध निर्माण को लेकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) अब ओर सख्ती करेगा। जीडीए द्वारा अब सभी आठ जोन क्षेत्र में अवैध निर्माण को ध्वस्त करने और अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जोन में बुलडोजर उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक जोन में दो-दो बुलडोजर खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। ताकि अवैध निर्माण के खिलाफ जारी अभियान में तेजी लाई जा सकें। जीडीए सीमा क्षेत्र के कुल आठ जोन हैं। जीडीए क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित न हो और अवैध निर्माण रोके जा सकें। इसके साथ ही बगैर मानचित्र स्वीकृति के मकान न बनें। इसको लेकर ध्वस्तीकरण अभियान लगातार चल रहा है। लेकिन जीडीए के प्रवर्तन अनुभाग के पास पर्याप्त साधन नहीं है। ऐसे में अब पर्याप्त साधन जुटाए जाएंगे।

जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने सभी जोन में दो-दो बुलडोजर खरीदने की प्रक्रिया को जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ताकि अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाया जा सकें। जीडीए अब बुलडोजर खरीदने के साथ-साथ प्रत्येक जोन के लिए एक-एक गैस कटर की भी खरीदारी करेगा। जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में बुलडोजर खरीदने के लिए टेंडर मांगे गए थे। मगर टेंडर नहीं आए। बुलडोजर किराए पर लेने के लिए आवेदन मांगे गए है। जल्द ही टेंडर कर प्रत्येक जोन में दो-दो बुलडोजर की जल्द व्यवस्था करा दी जाएगी।