-त्योहार के बाद डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और प्रोसेसिंग यूनिट तक विशेष इंतजाम
-गीला और सूखा कचरा पृथक्करण में शहरवासियों ने दिखाई जिम्मेदारी
-रात्रिकालीन सफाई और सेकेंडरी पॉइंट से कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुदृढ़
-सफाई मित्रों की अहम भूमिका और नगर निगम का अभियान
-स्वच्छता और सहयोग से ही गाजियाबाद बनता है सुंदर और सुरक्षित: विक्रमादित्य सिंह मलिक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली के शुभ अवसर पर शहर जगमगा उठा और साथ ही नगर निगम ने साफ-सफाई और कूड़ा प्रबंधन में विशेष प्रयास किए। दीपावली महापर्व पर हर घर, हर बाजार और प्रतिष्ठान में सफाई अभियान चलाने के कारण सामान्य मात्रा से लगभग डेढ़ सौ मेट्रिक टन अधिक कूड़ा एकत्रित हुआ। इसे निस्तारित करने के लिए नगर निगम ने कूड़ा प्रोसेसिंग यूनिट तक पहुंचाने का विशेष इंतजाम किया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि दीपावली के बाद शहर में रोजाना लगभग 1700 मेट्रिक टन कूड़ा एकत्र होता है। इस बार डेढ़ सौ मेट्रिक टन अतिरिक्त कूड़ा जमा हुआ है। नगर निगम ने इसे देखते हुए वार्डों में दो पारियों में कूड़ा संग्रह अभियान चलाया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि दीपावली से पहले सफाई अभियान के अच्छे परिणामों को बनाए रखते हुए, त्योहार के बाद भी सफाई की रफ्तार बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन द्वारा तेजी से किया गया, जिससे शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनी रही।
कूड़ा पृथक्करण और जनजागरूकता में मिली सफलता
नगर आयुक्त ने शहरवासियों की सराहना करते हुए कहा कि इस बार गीला और सूखा कचरा पृथक करने की आदत स्पष्ट रूप से दिखाई दी। वसुंधरा, कवि नगर, मोहन नगर और सिटी जोन में नागरिकों ने डोर टू डोर कलेक्शन वाहनों में कूड़ा पृथक्करण के क्रम में सही तरीके से दिया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों का सहयोग और जनजागरूकता अभियान सफाई के क्षेत्र में सफलता का कारण हैं। प्लास्टिक मुक्त और कूड़ा पृथक्करण को लेकर निरंतर जागरूकता फैलाना हमारी प्राथमिकता है। सभी नागरिकों से अपील है कि इस प्रयास में सहयोग करें। नगर निगम ने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया। सेकेंडरी पॉइंट से भी तेजी से कूड़ा उठाने का कार्य चल रहा है। दिवाली के दौरान सजावट और पैकिंग के कारण अतिरिक्त कचरा उत्पन्न हुआ, जिसे नगर निगम ने विशेष अभियान के तहत उठाया। सफाई मित्रों ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगर निगम ने कहा कि हर घर की सफाई और कचरा प्रबंधन में उनकी भागीदारी सराहनीय है, और शहरवासियों को भी इस प्रक्रिया में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

नगर आयुक्त
त्योहार केवल रोशनी और खुशियों का अवसर नहीं हैं, बल्कि शहर की सफाई और सुंदरता बनाए रखने का अवसर भी हैं। हम सभी को गीला और सूखा कचरा अलग करके, प्लास्टिक मुक्त अभियान में सहयोग करना चाहिए। यही नागरिक जिम्मेदारी और स्वच्छता का संदेश है। दीपावली के इस पावन पर्व पर गाजियाबाद नगर निगम और नागरिकों की साझेदारी ने यह साबित किया कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में प्रशासन और जनता का सहयोग अनिवार्य है। जब हर नागरिक अपने घर और समाज को स्वच्छ रखता है, तभी त्योहार की असली रोशनी पूरे शहर में फैलती है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

















