– नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने गाजियाबाद नगर निगम और लोनी नगर पालिका के अधिकारियों को किया सम्मानित
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत कोरोना संकट एवं लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हुए पथ विके्रताओं एवं हॉकर की मदद करने को लेकर गाजियाबाद काफी सक्रिय रहा। गाजियाबाद नगर निगम एवं लोनी नगर पालिका द्वारा किये गये कामों की शासन से सराहना हुई है। लखनऊ में प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने गाजियाबाद नगर निगम एवं लोनी नगर पालिका के अधिकारियों को सम्मानित किया। गाजियाबाद नगर निगम के म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह के अवकाश पर होने के कारण अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया। नगर पालिका परिषद लोनी की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता को भी पुरस्कृत किया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि पथ विक्रेता योजना के तहत कोरोना काल में प्रभावित हुए स्ट्रीट वेंडरों को लेकर गाजियाबाद में काफी काम हुआ। कोरोना संक्रमण को मात देकर अपनी कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अधिशासी अधिकारी शािलनी गुप्ता ने दशहरा आदि की सरकारी छुट्टी में भी निरंतर कार्य किया। नगर विकास विभाग द्वारा उन्हें नारी मिशन शक्ति के तहत उल्लेखनीय कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने ईओ शालिनी गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि कोरोना काल में सरकार की मंशा के अनुरूप धरातल पर जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में आपकी उत्कृष्ठ कार्यशैली प्रशंसनीय एवं अन्य के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने आभार जताते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनओं को कोरोना काल में धरातल पर उतारने के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
















