विकास एवं प्रगति के पथ पर गाजियाबाद ने प्रदेश में प्राप्त की नंबर-2 रैंकिंग

गाजियाबाद। प्रदेश सरकार की योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन कराने एवं विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के चलते प्रदेश में जिला गाजियाबाद ने नंबर-2 की रैंकिंग हासिल की है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सरकार की योजनाओं के बेहतर तरीके से क्रियान्वयन कराने एवं विभागीय योजनाओं में उनके प्रदर्शन एवं परफार्मेंस इंडेक्स के आधार पर विभिन्न जिलों का मुख्यमंत्री डेशबोर्ड द्वितीय के तहत जून-2023 की रैंकिंग जारी की गई है। इस रैंकिंग में ग्रेड स्तर और ओवर ऑल स्तर पर प्रदेश में गाजियाबाद दूसरे नंबर पर रहा है।उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में गाजियाबाद लगातार विकास और प्रगति के पथ पर चल रहा है।
जिले में लगातार शासन एवं प्रशासन स्तर पर कराए जा रहे विकास कार्यों एवं योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।इसलिए जिला प्रगति की ओर अग्रसर है।त्रिस्तरीय रैंकिंग में ग्रेड स्तर और ओवरऑल स्तर पर प्रदेश में दूसरा स्थान रहा। ग्रेड स्तर पर लखनऊ प्रथम स्थान पर रहा है,जबकि गाजियाबाद दूसरे और तृतीय स्थान पर जनपद वाराणसी रहा है। ओवरऑल ग्रेड में जनपद अमरोहा प्रथम,गाजियाबाद द्वितीय और हापुड़ जनपद तृतीय स्थान पर रहा है। प्रदेश में फ्लैग शिप स्तर पर गाजियाबाद ने 30वां स्थान प्राप्त किया है। कौशांबी जनपद प्रथम,महोबा द्वितीय व संतकबीर नगर तृतीय स्थान पर रहा है।