गाजियाबाद। नगर निगम सीमा क्षेत्र में ज्योग्राफिकल इंफोरमेशन सिस्टम (जीआईएस) सर्वे की जरूरत महसूस की गई है। सर्वे में सड़क, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, सीवर और पेयजल आपूर्ति को शामिल किया जाएगा। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने इस संबंध में रिमोर्ट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर लखनऊ के निदेशक को पत्र भेजा है। पत्र में जीआईएस सर्वे कराने की अनुमति देने की मांग की गई है।
नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी इस मसले पर विचार-विमर्श किया जा चुका है। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर की सभी सड़कों एवं स्ट्रोम वाटर नाले से संबंधित जीआईएस आंकड़े (रोड डायरेक्टरी) उपलब्ध कराए जाने के लिए पत्र भेजा गया है। ताकि शहर में हो रहे विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। नगर आयुक्त ने कहा कि जनहित में आंकड़ों को उपलब्ध कराए जाने एवं तैयार किए जाने के संबंध में इस परियोजना के प्रस्ताव एवं सर्विस के लिए प्रस्ताव मांगा गया है।
इसके नियम एवं शर्ते मांगी गई है ताकि जल्द शहर में बेहतर तरीके से विकास कार्यों को कराने के लिए योजना बनाई जा सके। शहर में सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट लगाने, सीवरेज कार्य, पानी की सप्लाई आदि का कार्य जीआईएस के आंकड़े उपलब्ध कराने के लिए जीआईएस सर्वे कराने के लिए मांग की गई है। शहर में कार्यों के आंकड़े एक डायरेक्टरी के माध्यम से उपलब्ध रहें। इससे जनहित में समय और धन आदि का नुकसान न हो। शहर वासियों के लिए एक बेहतर योजना बनाई जा सकें।
















