-स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेनमेंट कार्यक्रम में सहयोग करें लोग
-नगर निगम के पांचो जोन में वर्तमान में 1222 एक्टिव केस
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशों के अनुसार जिन जनपदों में 600 अथवा इससे कम कोरोना संक्रमण के केस गतिमान है, उन जनपदों में अनलॉक घोषित किया है। किन्तु शासन ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन जनपदों में कोरोना संक्रमण के 600 से अधिक केस वर्तमान में गतिमान है, वहां लॉक डाउन पूर्व की भांति ही रहेगा। जनपद गाजियाबाद में वर्तमान में 1024 कोरोना संक्रमण के केस है। इसलिए यहां लॉकडाउन लगा है। इसी को देखकर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने यह निर्णय लिया है तथा लक्ष्य 600 से नीचे एवं जनपद को कोरोना संक्रमण से मुक्त कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, नगर निगम, पुलिस इत्यादि को दिए है। नगरीय क्षेत्र के सभी वार्डों मेंं स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेनमेंट कार्यक्रम के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने नगरायुक्त को पत्र प्रेषित कर योजना के अंतर्गत अपेक्षित कार्यवाही कराने एवं अपनी सतर्क दृष्टि रखने की अपेक्षा की है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने शहरी क्षेत्र में इस योजना के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में नगरायुक्त को नोडल नामित किया है। इसी के साथ जिलाधिकारी ने सभी ब्लॉकों के अधिशासी अधिकारियों को भी स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेनमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यवाही कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वह स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेनमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि जनपद को जल्द से जल्द कोरोना संक्रमण मुक्त बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त नई नीति के तहत छोटे कंटेंनमेंट जोन बन रहे हैं, जैसे सोसाईटी, अपार्टमेंट्स इत्यादि। इसके लिए जिलाधिकारी ने वहां के एओए, आरडब्लूए व स्थानीय पार्षदों से अपने-अपने वार्डों, क्षेत्रों, सोसाईटीज, अपार्टमेंट्स में स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेंनमेंट योजना को लागू करने का आग्रह किया है। वहां स्वैच्छिक सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने की बात भी कही है। जिला प्रशासन द्वारा लागू स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेंनमेंट कार्यक्रम के लागू होने के उपरांत जनपद में लगातार कोरोना संक्रमित केसों में कमी देखी जा सकती है। वर्तमान में नगर निगम के सिटी जोन के समस्त 23 वार्डो में 8 पॉजिटिव केस है। इसी प्रकार कविनगर जोन के समस्त 15 वार्डों में 26 पॉजिटिव केस, मोहन नगर जोन के समस्त 24 वार्डो में 21 पॉजिटिव केस, वसुंधरा जोन के समस्त 22 वार्डो में 727 केस तथा विजय नगर जोन में समस्त 16 वार्डो में 10 पॉजिटिव केस हैं।
















