किसानों का क्रमिक अनशन भूख हड़ताल में तब्दील

मोदीनगर। समान मुआवजा की मांगों को लेकर करीब एक पखवाड़े चल रहा किसानों का क्रमिक अनशन सोमवार से भूख हड़ताल मेंं तब्दील हो गया। इतना ही नहीं प्रशासन को जगाने के लिए किसानों व महिलाओं ने उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने ढोलक चिमटा बजाकर अपना विरोध जताया। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेंगी। बता देें कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 19 गांवों के किसान तहसील परिसर में करीब एक पखवाड़े से क्रमिक अनशन पर थे। गत 20 अक्टूबर को किसानों ने तहसील परिसर में महापंचायत का आयोजन किया था। किसानों का कहना है कि पंचायत में एडीएम एलए कमलेश वाजपेयी ने किसानों को आश्वासन दिया था कि एक सप्ताह के अंदर जिलाधिकारी के साथ लखनऊ जाकर उनकी मुलाकात प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से कराई जाएगी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबली गुर्जर ने बताया कि एक सप्ताह की समय सीमा समाप्त हो गई और अभी तक लखनऊ जाने का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सोमवार से किसानों ने क्रमिक अनशन को भूख हड़ताल में बदल दिया है। सोमवार को गांव मुरादाबाद निवासी सग्राम सिंह ,धीरज सिंह, अमन सिंह ,सेंसरपाल निवासी गांव प्रथमगढ व सोलना से फारुख अली भूख हड़ताल पर बैठे गए। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक गांवों क महिलाएं एकत्र होकर सोमवार को धरनास्थल पर पहुंची। महिलाओं व किसानों ने उपजिलाधिकारी आदित्य प्रजापति व तहसीलदार उमाकांत तिवारी के कार्यालय के सामने ढोलक व चिमटा बजाया। महिलाओं का कहना है कि किसान 14 माह से धरना दे रहे है। उन्हेें जगाने के लिए ढोलक व चिमटा बजाया गया है। इस मौके पर सतीश राठी ,रणवीर दहिया,सतेन्द्र तोमर ,महबूब अली ,कर्म सिंह ,गफ्फार तोमर ,रामवीर चौधरी ,महेश प्रधान ,हेम सिंह प्रधान व अनिल चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद थे।