-11 किसानों ने स्वेच्छा से बैनामा किया, तीन हेक्टेयर भूमि पर सहमति, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर अभियान जारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महत्वाकांक्षी टाउनशिप परियोजना हरनंदीपुरम को जमीन जुटाने में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सोमवार को नंगला फिरोज मोहनपुर में आयोजित विशेष शिविर में 11 किसानों ने स्वेच्छा से अपने खेतों का जीडीए के पक्ष में बैनामा कर दिया। इसके अलावा तीन हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि पर सहमति भी प्राप्त हुई है, जिसका बैनामा अगले सप्ताह संपन्न करने की तैयारी की जा रही है। शिविर में किसानों के साथ बैठकर उनके सवालों और सुझावों को गंभीरता से सुना गया और उन्हें हरनंदीपुरम योजना के लाभ समझाए गए। जीडीए के भू-अर्जन अनुभाग के अधिकारी उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के मार्गदर्शन में लगातार सभी गांवों में ऐसे शिविर आयोजित कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक भूमि का बैनामा कराया जा सके और परियोजना को समय पर धरातल पर उतारा जा सके। हरनंदीपुरम टाउनशिप को आधुनिक और सुनियोजित रूप देने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। इसमें चौड़ी सड़कें, हरित पट्टियाँ, पार्क, शैक्षणिक और स्वास्थ्य सुविधाएं, व्यावसायिक क्षेत्र और मजबूत आधारभूत ढांचा शामिल होंगे।
पहले चरण के तहत पांच गांवों में कुल 350 हेक्टेयर भूमि पर टाउनशिप का निर्माण होगा, जिसमें से 336 हेक्टेयर भूमि किसानों से खरीदी जाएगी और बाकी जीडीए के पास पहले से उपलब्ध है। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि हरनंदीपुरम योजना न केवल गाजियाबाद क्षेत्र के सुनियोजित विस्तार को गति देगी बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जीडीए के अधिकारी किसानों के साथ निरंतर संपर्क में रहकर उन्हें योजना के लाभ और नियमों की जानकारी प्रदान कर रहे हैं।
योजना को निष्प्रभावी बनाने वाले अवैध मिट्टी खनन को रोकने के लिए अब जीडीए की प्रवर्तन टीम क्षेत्र में निगरानी रखेगी। टीम अवैध ईंट भट्टों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इस कदम से हरनंदीपुरम योजना में बाधाओं को कम कर विकास प्रक्रिया को और तेज किया जा सकेगा। पहले चरण के सफल भूमि बैनामा के बाद जीडीए अब पूरी टाउनशिप के लिए कुल 521 हेक्टेयर भूमि जुटाने की तैयारी में है, जिसमें आठ गांवों की जमीन किसानों से सहमति आधारित तरीके से खरीदी जाएगी। योजना के पूरा होने के बाद हरनंदीपुरम टाउनशिप गाजियाबाद के विकास मानचित्र पर एक मील का पत्थर साबित होगी।
















