16 महिला उत्पीडऩ मामले की महिला आयोग अध्यक्ष ने की सुनवाई

गाजियाबाद। उप्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा विमला बाथम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरूवार को जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महिला आयोग को प्राप्त 16 महिला उत्पीडऩ के केसों की सुनवाई की गई। प्रकरणों से संबंधित शिकायतकर्ता को बुलाकर उनका पक्ष सुना गया तथा संबंधित जांच अधिकारियों को तत्काल दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। आयोग को प्राप्त शिकायतों में दहेज उत्पीडऩ, घरेलू हिंसा आदि की जन-सुनवाई की गई। जनसुनवाई में 4 नवीन शिकायतों का भी निवारण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का तत्काल निवारण करने के निर्देश दिए गए। आयोग द्वारा पुलिस के माध्यम से 46 प्रकरण में शिकायतकर्ता/पीडि़त महिलाओं को अपना पक्ष रखने हेतु आमंत्रित किया गया था, जिमसे से कुल 12 महिलाओं द्वारा जनसुनवाई में प्रतिभाग किया गया तथा 4 नवीन शिकायतें प्राप्त हुईं। जनसुनवाई के उपरांत महिला आयोग की अध्यक्षा द्वारा महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक विभाग, जिला दिव्यांगजन विभाग, पिछड़ा वर्ग, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, जिला पूर्ति, स्वास्थय विभाग द्वारा महिला संबंधित योजनाओं व महिलाओं को दिए जा रहे लाभों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही इन योजनाओं में अधिक से अधिक महिलाओं को लाभन्वित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र, क्षेत्राधिकारी द्वितीय, स्वास्थ्य अधिकारी, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी आदि उपस्थित थे।