इधर संभव में मिली शिकायत, उधर नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण

सिटी और कविनगर जोन में अतिक्रमण कर्ताओं पर कार्रवाई

गाजियाबाद। विशेष जनसुनवाई संभव में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराने के लिए नगर निगम निरंतर काम कर रहा है। इस कड़ी में कविनगर और सिटी जोन में कार्रवाई की गई। दोनों जोन में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इससे अतिक्रमण कर्ताओं में खलबली मच गई। कविनगर जोन में जोनल प्रभारी आशुतोष गुप्ता तथा सिटी जोन में जोनल प्रभारी गजेंद्र के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाया गया। कविनगर जोन के अंतर्गत लोहा मंडी से अतिक्रमण हटाया गया। वहां पार्क में कब्जा होने की शिकायत संभव कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त हुई थी। शिकायत का संज्ञान लेकर कार्रवाई करने के लिए नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की तरफ से तिथि का निर्धारण किया गया।

इसके चलते सोमवार को पार्क को कब्जा मुक्त कराया गया। व्यापारियों का भी कुछ सामान सड़क पर रखा था। जिस पर 35000 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। मार्ग को भी खाली करा लिया गया। इसी प्रकार सिटी जोन में चौधरी मोड़ से दौलतपुरा फ्लाईओवर तक अतिक्रमण हटाया गया। जिसके क्रम में ऑप्यूलेंट मॉल के बाहर खुली दुकानों को भी हटाया गया। इन दुकानों के कारण गंदगी फैल रही थी। फूड शॉप के 6 सिलेंडर को भी जब्त कर लिया गया है। जुर्माना वसूलने के उपरांत सिलेंडर छोड़ दिए गए। दूधेश्वर नाथ मंदिर के आसपास भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के लिए चेतावनी दी गई है।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर शहर में पांचों जोनल प्रभारियों द्वारा अतिक्रमण को हटाने के लिए रोस्टर तैयार किया गया है। जिस पर निरंतर कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में संभव के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का भी निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान दूधेश्वर नाथ मंदिर के आसपास अतिक्रमण को भी प्राथमिकता पर हटाने की कार्यवाही की जा रही है। महापौर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कांवड़ यात्रा मार्ग को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दे रखे हैं।

जिस पर निगम द्वारा कार्यवाही की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवार का कहना है कि अतिक्रमण संबंधित जितनी शिकायतें संभव के तहत प्राप्त होती हैं, उन्हें समय रहते आवश्यक कार्यवाही करने के लिए सभी जोनल प्रभारियों को निर्देशित किया जा रहा है। मोहन नगर जोन में भी संभव के तहत प्राप्त शिकायतों का निस्तारण किया गया है।