हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा निष्पक्ष व नकलविहीन कराई जाए: दीपक मीणा

  • डीएम ने कहा अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए किया जाए खंडन

  • बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर डीएम ने की बैठक

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष-2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं का निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से सफल कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में मंगलवार को विजयनगर स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में केंद्र व्यवस्थापक,बाह्य केंद्र व्यवस्थापक तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह,प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से एडीएम ई श्री रणविजय सिंह,एडीसीपी प्रोटोकॉल आनंद कुमार,जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा,एसडीएम सदर अरूण दीक्षित, कॉलेज प्रधानाचार्या विभा चौहान,परीक्षा से संबंधित सभी अधिकारी, प्रधानाध्यापक आदि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि परीक्षा को लेकर दिए गए निर्देशों का अक्षरश: पालन किया जाएं। उन्होंने कहा कि इस दौरान किसी भी प्रकार का कोई अफवाह संज्ञान में आती है, तो त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका खंडन किया जाएं। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी एवं परीक्षक को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएं। सभी लोगों आपसी समन्वय बनाते हुए परीक्षा को निष्पक्ष,नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष-2025 की परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 14519 छात्र और 14086 छात्राओं समेत कुल 28,605 विद्यार्थी है। जबकि इंटरमीडिएट में 12,773 छात्र और 12014 छात्राओं समेत 24,787 अभ्यर्थी हैं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, सहायक प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा,पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी अपर पुलिस उपायुक्त (प्रोटोकॉल) आनंद कुमार,जोनल मजिस्ट्रेट-7, सैक्टर मजिस्ट्रेट-20, सचल दल शिक्षा विभाग-6,स्टेटिक मजिस्ट्रेट- 66,केंद्र व्यवस्थापक-66,वाहय केंद्र व्यवस्थापक-66 एवं कक्ष निरीक्षक-3062 तैनात रहेंगे। इसके साथ ही जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाया गया हंै। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि शासन एवं विभाग से प्राप्त निर्देशों का भलीभांति अध्ययन एवं अक्षरश: अनुपालन हो। परीक्षा केंद्र पर आवश्यक भौतिक सुविधाओं की व्यवस्था तथा वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे, बिजली, जेनरेटर, इनवर्टर तथा 300 एमबीपीएस नेट हो। अलग से स्ट्रांग रूम व्यवस्था एवं पुलिस गार्ड सुरक्षा हो।

केंद्र व्यवस्थापक, वाहय केंद्र  व्यवस्थापक तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होकर  अपने दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। शिक्षक और कर्मचारियों के मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गजट रखने के लिए परीक्षा केंद्र के मेन गेट के पास एक बॉक्स की व्यवस्था की जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएं। इस दौरान बताया गया कि शासनादेश के क्रम में बोर्ड परीक्षा 2025 के सफल संचालन के लिए सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक , वाहय केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षकों के कार्यों एवं दायित्वों का एसओपी (क्या करें तथा क्या न करें) के निर्देश का अक्षरशः अनुपालन करेंगे।