घर से निकलने वाला कूड़ा घर में आएगा काम

नगर निगम द्वारा घर के कूड़े का घर में उपयोग करने की पहल

होम कंपोस्टिंग जागरूकता के लिए मेयर एवं नगर आयुक्त ने ई-रिक्शा को दिखाई हरी झंडी

गाजियाबाद। घर के कूड़े का घर में ही उपयोग करने की योजना की शुरूआत मेयर और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से की है। अब नगर निगम के अधिकारियों एवं पार्षदों के घरों में होम कम्पोस्टिंग अनिवार्य रूप से की जाएगी, जिससे कूड़े का निस्तारण घर मे ही संभव हो सकेगा और होम कम्पोस्टिंग कर कूड़े से खाद का निर्माण किया जा सकेगा। अपने घर पर गीले कचरे से खाद बनाए व नगर निगम को जीरो वेस्ट बनाने में सहयोग प्रदान करें।
गुरूवार को स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 के अंतर्गत नगर निगम के मुख्य कार्यालय में होम कंपोस्टिंग को शहर के हर वार्ड हर घर में शुरू करने एवं जनता जागरूकता के लिए मेयर आशा शर्मा एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। ई-रिक्शा में होम कंपोस्टिंग शुरू करने हेतु पूरी प्रक्रिया बैनर के माध्यम से लगी है, जिसे पढकऱ नागरिक होम कंपोस्टिंग की शुरुआत कर सकेंगे। इसके साथ नगर निगम के सिटी जोन के पार्षदों एवं उनके वार्ड के प्रबुद्ध नागरिकों को लगभग 2000 कंपोस्टिंग बिन वितरित किए गए। जिसकी मदद से शहर का प्रत्येक व्यक्ति/महिला अपने घर की रसोई में यह बिन रख कर रसोई के वेस्ट कचरे जैसे सब्जी, फल के छिलके या अन्य वस्तुओं को इस बिन में डालकर उस पर कंपोस्ट कल्चर को पानी में मिलाकर छिड़काव किया जाता है। उस दवा के छिड़काव से कूड़े में बदबू नहीं आएगी और उसमे बचे सूखे कूड़े का खाद बन जाएगा और गीले पानी का दोबारा से कंपोस्ट कल्चर बन जाएगा और री-यूज हो सकेगा। इस प्रणाली से घरेलू कूड़ा कंपोस्ट के जरिए खाद बनकर घर के पौधों में प्रयोग हो जाएगा। घरों से निकलने वाले कूड़े की मात्रा जीरो के बराबर हो जाएगी। इस दौरान मेयर एवं नगरायुक्त ने बताया की गाजियाबाद शहर में 1600 मीट्रिक टन कूड़ा रोज निकलता है, जिसे कम करने के लिए कूड़े को सेग्रिगेट किया गया और अब शहर के सभी घरों में कूड़ा कंपोस्ट किया जाना बेहद आवश्यक है। अगर शहरवासियों का पूर्ण सहयोग मिलेगा तो होम कंपोस्टिंग में जल्द घरों से निकलने वाले कूड़े की मात्रा काफी कम हो जाएगी। इसलिए शहर की जनता से अपील भी है कि घरों में कूड़ा कंपोस्ट करें और कंपोस्टिंग में कोई भी समस्या आए तो बताया जाए। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अभिषेक चौधरी, पार्षद राजीव शर्मा, साक्षी नारंग, माया देवी, वीरेंद्र त्यागी, अपर नगरायुक्त राजनारायण पांडे, प्रमोद कुमार, शिव पूजन, लेखाधिकारी अरुण मिश्रा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार व उद्यान अधिकारी अनुज कुमार, सहायक लेखाधिकारी जेपी सिंह, मुख्य नगर लेखा परीक्षक अरूण कुमार सिंह, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर देशराज, जीएम जलकल योगेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।