गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आंबेडकर कॉलोनी इंद्रगढ़ी में रहने वाले राजू के 3 साल की बेटी और 8 साल के बेटे का अपहरण करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही गिरफ्तार कर बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बच्चे अपने घर से पास में दुकान पर सामान लेने के लिए गए थे। तभी उनका अपहरण कर लिया गया। भाई-बहन काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। काफी तलाश करने के बाद भी जब दोनों का पता नहीं चला तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें एक युवक बच्चों को ले जाता हुआ नजर आया। एसएसपी कलानिधि नैथानी के आदेश पर तत्काल मसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस टीम लगाई गई। गलत काम करने की नीयत से बच्चों का अपहरण किया गया था। थाना मसूरी क्षेत्र की आंबेडकर कॉलोनी इंद्रगढ़ी में राजू परिवार के साथ रहता है। मजदूरी कर अपना व परिवार का पालन पोषण कर रहा है। बुधवार की रात राजू का 8 वर्षीय बेटा प्रिंस, 3 वर्षीय छोटी बहन नानू को लेकर दुकान पर सामान लेने के लिए गया था। सूचना मिलने पर पुलिस दुकान पर पहुंची और दुकानदार से पूछताछ करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों बच्चों को एक युवक अपने साथ ले जाता हुआ नजर आया।
इसके बाद जहां परिजनों में बच्चों के अपहरण से कोहराम मच गया, वहीं पुलिस में भी हड़कंप मच गया। एसएसपी नैथानी ने एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, सीओ सदर और मसूरी थाना प्रभारी को तत्काल से चेकिंग अभियान चलाने के कड़े दिशा निर्देश दिए। पुलिस टीम ने रात करीब साढ़े 12 बजे महरौली रेलवे फाटक के पास से अरविंद निवासी ग्राम पिपरिया कप्तान थाना मोहम्मदी जनपद लखीमपुर खीरी को गिरफ्तार कर बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा ने बताया कि अपहरणकर्ता बच्चों के साथ गलत काम करके उनकी हत्या भी कर सकता था। यह भी मजदूरी करता है। नशे का आदी है। पूछताछ में पता चला है कि यह गलत काम करने की नीयत से बच्चों को अपने साथ ले जा रहा था। उन्होंने बताया कि मसूरी थाने में अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। बच्चों के सकुशल बरामद होने पर परिजनों ने पुलिस का शुक्रिया अदा किया।















