अवैध संबंध में प्रेमी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या

12 घंटे बाद हत्या का खुलासा कर पुलिस ने पत्नी-प्रेमी समेत चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

गाजियाबाद। मोदीनगर क्षेत्र के गांव रोरी मेंं खेतों में ट्यूबवैल की छत पर मिले किसान रोहित (23) के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने 12 घंटे बाद हत्या का खुलासा कर दिया है। अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने साजिश के तहत अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिला। मोदीनगर पुलिस ने मृतक किसान की पत्नी समेत 4 हत्यारोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त अगौछा एवं बाइक बरामद किया है।
मोदीनगर सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गांव रोरी में खेत में बनी ट्यूबवैल की छत पर किसान का शव संदिग्ध हालात में 27 जनवरी को बरामद किया गया था। मोदीनगर कोतवाली प्रभारी जयकरण सिंह ने दारोगा सौरभ कुमार, दारोगा जितेंद्र कुमार, महिला दारोगा मुनेश चौधरी, दारोगा भरत सिंह परिहार ने टीम के साथ शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे गांव रोरी से अंकित निवासी मोहिउद्दीनपुर परतापुर, कृष्ण कुमार निवासी गांव सैदपुर भोजपुर, कपिल निवासी गांव सैदपुर भोजपुर और मृतक रोहित की पत्नी प्रिंयका ग्राम रोरी को गिरफ्तार किया गया। मोदीनगर कोतवाली प्रभारी जयकरण सिंह ने बताया कि प्रिंयका के इनसे अवैध संबंध हो गए थे। इसको लेकर रोहित पुत्र स्वर्गीय ब्रजवीर सिंह निवासी ग्राम रोरी विरोध करता था। 27 जनवरी की रात में रोहित को अंकित, कृष्ण कुमार, कपिल को खाने-पीने के बहाने से बुलाकर ले गए। इसके बाद ग्राम रोरी में ट्यूबवैल की छत पर ले जाकर उसकी अगौछे से गला घोटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए। इस मामले में थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से शराब के पव्वे,अंडे के अलावा रस्सी भी बरामद की है। रोहित (23) पत्नी प्रियंका व चार साल की बेटी कीर्तिका के अलावा मां बाला देवी व भाई गौरव के परिवार के साथ रहता था। रोहित खेती करके परिवार का लालन पालन करता था। पूछताक्ष में आरोपी अंकित ने बताया कि वह दूध सप्लाई का काम करता था। दूध लेकर वह रोहित की दुकान पर जाता था। इसी दौरान उसके रोहित की पत्नी से संबंध हो गए थे। दोनों भागकर शादी करना चाहते थे, लेकिन रोहित बीच में रोड़ा बन रहा था। इसी के चलते दोनों ने मिलकर रोहित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। शक न हो इसके लिए एक माह पूर्व उसकी पत्नी प्रियंका अपनी पुत्री कीर्तिका के साथ अपने मायके चली गई थी। बुधवार रात को रोहित घर से फावड़ा लेकर यह कहकर निकला था कि वह खेत में गेंहू की फसल को पानी देने के लिए जा रहा है। गुरुवार सुबह जब पड़ोसी रवि अपने खेत पहुंचा तो उसने देखा कि रोहित टयूबवैल की छत से लटका हुआ था। इसकी सूचना तुरंत परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मौके पर जाकर देखा तो वह मृत पड़ा हुआ था। रोहित के भाई गौरव ने बताया कि गले पर रस्सी से दबाने के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। हत्या गला घोटकर की गई। पुलिस ने हत्या का खुलासा कर चारों आरोपी को जेल भेज दिया।