प्रशासन ने कसी नकेल तो अस्पताल प्रबंधन देने लगे बोर्ड पर बेड का ब्योरा

-वीआईपी नामचीन अस्पताल मनमानी पर उतारू

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़़ते जिले में केस के बाद मनमानी पर उतरे निजी अस्पतालों पर जिला प्रशासन-पुलिस और स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिकंजा कसे जाने के बाद अब अस्पताल बोर्ड पर डिस्पले कर बेड का ब्योरा देने लगे हैं। जिले के अधिकांश अस्पताल प्रबंधनों ने कोविड कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला प्रशासन व नोडल अधिकारी को सूचना भेजनी शुरू कर दी हंै। ज्यादातर अस्पतालों ने बिल्डिंग परिसर में खाली बेड की सूचना भी प्रदर्शित करनी शुरू कर दी है, लेकिन अभी भी कई वीआईपी नामचीन अस्पताल मनमानी पर उतारू हैं। जिले में बनाए गए 42 कोविड अस्पतालों में से करीब 20 कोविड अस्पतालों में 31 ऑक्सीजन बेड खाली थे। हालांकि आईसीयू बेड सभी भरे हुए थे। बीते कई दिनों से नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार, अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार और पुलिस अधिकारियों ने अस्पतालों पर औचक निरीक्षण किया है। प्रत्येक निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधनों की पोल खुली और सभी बेड भरे होने की सूचना दिए जाने के बावजूद निरीक्षण में बेड खाली पाए गए। टीमों द्वारा की गई छापेमार कार्रवाई के बाद तीन अस्पतालों का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की है। प्रदेश शासन को इनकी रिपोर्ट भेजी गई है। शासन ने नामित किए जिले के नोडल अधिकारी सैंथिल पांडियन सी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई थी। इस मामले में अधिकारियों की सख्ती के चलते अब अस्पताल प्रबंधनों ने कोविड कंट्रोल रूम को सूचनाएं देनी शुरू की हैं। सोमवार शाम तक करीब 20 अस्पतालों ने बेड की स्थिति कोविड कंट्रोल रूम को देकर 31 ऑक्सीजन बेड खाली बताए थे। सभी अस्पतालों में आईसीयू बेड खाली नहीं थे। क्लीयर मेडि हॉस्पिटल वसुंधरा, मेधा हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर प्रताप विहार,आनंद हॉस्पिटल लालकुआं,मीनाक्षी अस्पताल कौशांबी, हीलिंग ट्री अस्पताल इंदिरापुरम,पन्नालाल-श्यामलाल अस्पताल आंबेडकर रोड, शिवम अस्पताल राजनगर, आरोग्य अस्पताल वैशाली,आलोकी अस्पताल प्रताप विहार, पारस अस्पताल वैशाली,एसआर अस्पताल खोड़ा शामिल हैं। नोडल अधिकारी एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अगर अस्पताल प्रबंधन अस्पताल में बेड देने से मना करें तो इन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कोविड कमांड कंट्रोल रूम के नंबर-0120- 2965798, 2965799,2965757, 2965758,2829040 और व्हाटसएस नंबर-8826797248 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अस्पतालों में बेड की मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथलेश कुमार का कहना है कि अधिकांश अस्पतालों ने प्रशासन को सहयोग करना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम खाली बेड की सूचना कोविड कंट्रोल रूम के जरिए दी जा रही है। वहीं यशोदा, ली-क्रिस्ट आदि कई बड़े अस्पताल अभी सहयोग नहीं कर रहे हैं। कई बार कहने के बावजूद वह खाली बेड की सही सूचना नहीं दे रहे हैं।